झांसी। आखिरकार तमाम कयासों पर विराम लगाते हुए झांसी सदर सीट से सीताराम कुशवाहा को समाजवादी पार्टी का अधिकृत प्रत्याशी घोषित कर दिया गया है। अब यह तीसरा मौका है जब सीता राम और रवि शर्मा आमने-सामने होंगे।

दरअसल, प्रतिष्ठा की सीट बनी झांसी सदर सीट से प्रत्याशी बनने के लिए सीताराम कुशवाहा व विपक्षी गुटों ने लखनऊ में डेरा डाल रखा था और एड़ी-चोटी का जोर लगाया जा रहा था। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तमाम माथा पच्ची और मंथन के बाद आखिरकार सीताराम को झांसी सदर सीट से अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है। दरअसल, कई दिनों से समाजवादी पार्टी मुखिया झांसी सदर सीट पर अपना प्रत्याशी फाइनल नहीं कर पा रही थी उसकी वजह थी की बसपा से सपा में आए सीताराम कुशवाहा व कुशवाहा मतों का गणित। इसको देखते हुए पार्टी ने सीताराम को चुनाव लड़ाने का मन बना लिया था अखिलेश जब झांसी आए तो इसका इशारा भी दे गए। आवेदन कर्ताओं की लिस्ट में कुशवाहा समाज के लगभग 15 युवाओं ने समाजवादी पार्टी से झांसी सदर सीट के लिए आवेदन किया था। लखनऊ में तमाम बैठकों का दौर चला पर सीताराम कुशवाहा के नाम पर सहमति नहीं बन पा रही थी कुछ लोगों ने विरोध का रास्ता अख्तियार करते हुए मोर्चा खोल दिया। बीते रोज सीताराम कुशवाहा भी लखनऊ रवाना हो गए रविवार और सोमवार को दिनभर मंथन चलता रहा शाम को जाकर सीताराम कुशवाहा के नाम पर पार्टी ने मोहर लगा दी। अब सीताराम कुशवाहा अधिकृत प्रत्याशी घोषित हो गए हैं।