झांसी। उत्तर मध्य रेल, झॉसी मंडल से सेवा निवृत्त हुए 50 रेल कर्मचारियों को रू. 15 करोड 91 लाख का भुगतान एनईएफटी के माध्यम से किया गया। 1 जुलाई को मंडल रेल प्रबंधक सभागार में दीपक कुमार सिन्हा, मंडल रेल प्रबंधक द्वारा समस्त उपस्थित कर्मचारियों को भुगतान विवरण, सेवा प्रमाण पत्र, पीपीओ, सेवापंजिका की प्रमाणित छायाप्रति एवं स्वर्ण जडित पदक प्रदान किये गये।

सेवानिवृत्ति पर देय सेवा प्रमाण पत्र, पेंशन पेमेंट आर्डर एवं मेडल वितरण करने के उपरान्त मण्डल रेल प्रबंधक द्वारा सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों को भारतीय रेल में उनकी लम्बी अवधि की सफलतम सेवा के लिये बधाई एवं शुभकामनाएँ दी गई। सेवानिवृत होने वाले कर्मचारियों को विदाई देते हुए उनको एवं उनके परिवारों के सुखद व मंगलमय भविष्य की कामना की गई। सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को यह भी आश्वासन दिया गया कि उनकी सेवानिवृत्ति के उपरान्त भी वे रेल परिवार का हिस्सा रहेंगे।

समारोह में संतोष कुमार वरि मण्डल वित्त प्रबन्धक एवं ब्रजेश कुमार चतुर्वेदी, वरि. मण्डल कार्मिक अधिकारी  लवी अब्राहम, सहायक कार्मिक अधिकारी उपस्थित रहे।