डीआरएम ने की पेयजल आपूर्ति की समीक्षा
झांसी। रेल मंडल में 18 मार्च को मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार की अध्यक्षता में “पेयजल आपूर्ति की समीक्षा हेतु संगोष्ठी” का आयोजन किया गया। बढ़ती गर्मी एवं आगामी ग्रीष्म ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए मंडल के सभी स्टेशनों, रेलवे परिसरों एवं संबंधित इकाइयों में शुद्ध पेयजल की निर्बाध एवं पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह संगोष्ठी आयोजित की गई।
संगोष्ठी में पेयजल आपूर्ति से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान सभी स्टेशनों पर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने, पानी की आपूर्ति हेतु विद्युत पम्प एवं निर्बाध विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने, कोच वाटरिंग के लिए पर्याप्त जल एवं पम्प की उपलब्धता बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया। जिन स्टेशनों पर विद्युत आपूर्ति बाधित रहती है, वहां डीजी सेट की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त, जिन स्टेशनों पर जलापूर्ति की सुविधा उपलब्ध नहीं है, वहां निविदा प्रक्रिया के माध्यम से ठेकेदार द्वारा शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था करने, स्काउट, एनजीओ एवं अन्य संस्थाओं को भी पेयजल सेवा हेतु आमंत्रित करने पर जोर दिया गया। मेलों एवं धार्मिक आयोजनों के दौरान संबंधित स्टेशनों पर विशेष रूप से पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
स्टेशनों पर जल बूथों की कार्यशीलता, रनिंग रूम एवं लॉबी में पेयजल उपलब्धता तथा रेलवे कालोनियों में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। साथ ही NSG स्टेशनों पर मानक के अनुरूप वाटर टैप एवं वाटर कूलर की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा सभी स्टेशनों पर जनरल कोच के सामने वाटर बूथ की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
मंडल रेल प्रबंधक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए पेयजल आपूर्ति व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कमी न रहे और यात्रियों को हर समय स्वच्छ, ठंडा एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जाए।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक/इंफ्रा पी.पी. शर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक/परिचालन नंदीश शुक्ल, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर/समन्वय आशुतोष चौरसिया, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक कुलदीप स्वरूप मिश्र, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर अशोक प्रिय गौतम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।














