निवाड़ी/ झांसी। झांसी के सीमावर्ती मध्य प्रदेश के निवाड़ी के कैरीपुरा – गढ़िया मार्ग पर गुरुवार को एक युवक की कुल्हाड़ी से काटकर निर्मम हत्या कर दी गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर घटना के चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

निवाड़ी के मढ़िया गांव निवासी राहुल सिंह दांगी (30) पुत्र रट्‌टी दांगी खेतीबाड़ी करता था। उसका बड़ा भाई लक्ष्मण सिंह सीआरपीएफ में जवान है और नागपुर में पोस्टिंग है। परिजनों ने बताया कि राहुल के खेत के बगल में कैरीपुरा गांव के यादव परिवार का खेत है। खेत की जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों का काफी समय से विवाद चल रहा है।

पृथ्वीपुर के मढ़िया गांव निवासी रत्ती सिंह दांगी का पुत्र राहुल सिंह दांगी (30) बृहस्पतिवार को कैरीपुरा में स्थित अपने खेत पर गया हुआ था। रात में लौटते वक्त कैरीपुरा – गढ़िया मार्ग पर कुन्नू यादव, कल्लू यादव, विनोद यादव व कृष्णकांत यादव ने राहुल पर कुल्हाड़ी से हमला बोल दिया। कुल्हाड़ी और अन्य धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ वार करके आरोपी भाग गए। हमले में राहुल का एक हाथ कट गया। इसकी जानकारी किसी राहगीर ने पुलिस को कॉल कर दी। इसके बाद पुलिस युवक को अस्पताल लेकर गई। इलाज के दौरान झांसी मेडिकल कॉलेज में घायल ने दम तोड़ दिया। आधार कार्ड से शिनाख्त कर परिजनों को जानकारी दी। वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शरीर पर 8 से ज्यादा चोट के निशान थे।

ग्रामीणों के अनुसार राहुल के पिता रट्‌टी दांगी की करीब 15 साल पहले मौत हो गई थी। तब राहुल छोटा था, उसे बड़े भाई लक्ष्मण ने पाला था। हमले की सूचना मिलने पर लक्ष्मण शुक्रवार दोपहर झांसी पहुंचा। जब उसे पता चला कि भाई की मौत हो गई तो वह बाइक से उतरते ही बेसुध होकर गिर पड़ा। बोला कि मैंने राहुल को बच्चे की तरह पाला था। उसे बहुत बुरी तरह मारा गया। राहुल का एक बेटा अंश है। वहीं मौत की खबर मिलने पर पत्नी विनीता और मां गायत्री का रो रोकर बुरा हाल है।

पुरानी रंजिश के चलते की युवक की हत्या
पुलिस ने बताया कि आरोपी कन्नू यादव के बेटे भूपेंद्र ने 2 साल पहले फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में कन्नू यादव को राहुल दांगी पर बेटे की हत्या करने का संदेह था। इसी पुरानी रंजिश के चलते गुरुवार रात वह अपने साथियों के साथ घात लगाकर बैठा था। इसी दौरान जब राहुल दांगी वहां से निकला तो सभी आरोपियों ने मिलकर कुल्हाड़ी से उसके हाथ-पैर काट दिए और मरणासन्न हालत में सड़क किनारे फेंक दिया।