Oplus_16908288

लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, पुलिस कार्रवाई को सराहा 

ग्वालियर मप्र। ग्वालियर में रूपसिंह स्टेडियम के पास शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब अरविंद परिहार ने अपनी पत्नी नंदिनी ठाकुर पर दिनदहाड़े सरे राह गोलियां मारकर हत्या कर दी।

घटना की सूचना मिलते ही सीएसपी महाराजपुरा नागेंद्र सिंह सिकरवार और थाना प्रभारी पड़ाव आलोक सिंह परिहार तत्काल मौके पर पहुंचे। इस दौरान आरोपी अरविंद हाथ में देसी कट्टा लहराकर खुद को गोली मारने और पुलिस व आमजनता पर फायरिंग की कोशिश में था। पुलिस अधिकारियों ने सूझबूझ दिखाते हुए टीयर गैस और बल प्रयोग से आरोपी को दबोच लिया। नंदिनी को पुलिस वाहन से ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मौके पर मौजूद मीडिया ने लाइव रिपोर्टिंग कर पुलिस की त्वरित एवं साहसिक कार्रवाई की सराहना की।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी अरविंद परिहार विवाहित है और दो बच्चों का पिता है, वहीं मृतका नंदिनी भी पूर्व विवाहित थी और एक बेटे की मां थी। दोनों 2022-23 से लिव-इन में रह रहे थे और 2023 में आर्य समाज मंदिर में विवाह भी किया था। लंबे समय से दोनों के बीच विवाद और झगड़े चल रहे थे। नंदिनी ने आरोपी के खिलाफ कई थानों में प्रकरण दर्ज कराए थे, जिनमें हत्या के प्रयास का मामला भी शामिल था, लेकिन बाद में अदालत में दिए गए शपथ पत्र और बयानों के कारण आरोपी को जमानत मिल गई थी। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि नंदिनी पूर्व में अन्य लोगों के साथ भी लिव-इन में रह चुकी थी और वर्ष 2017 में हत्या के एक मामले में जेल जा चुकी थी। प्रारंभिक जांच के अनुसार संपत्ति और अवैध संबंधों को लेकर चल रहे विवाद के चलते अरविंद ने वारदात को अंजाम दिया।

घटना की जानकारी पर पुलिस महानिरीक्षक ग्वालियर जोन अरविंद सक्सेना और एसएसपी धर्मवीर सिंह तत्काल मौके पर पहुंचे और एफएसएल सहित जांच टीम को बारीकी से पड़ताल करने के निर्देश दिए। पुलिस ने आरोपी को अवैध हथियार सहित गिरफ्तार कर लिया है। इस साहसिक कार्रवाई में शामिल सीएसपी और थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारियों को पुरस्कृत करने की घोषणा भी की गई है।