– फिल्म व टेलीविजन कलाकार निभाएंगे प्रमुख पात्रों की भूमिका

ओरछा (मप्र)। मध्य प्रदेश संस्कृति विभाग द्वारा पर्यटन एवं धार्मिक नगरी ओरछा में रामनवमी पर भव्य प्राकट्य पर्व का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रमानुसार 4 से 10 अप्रैल तक प्रतिदिन सायं 6.30 बजे से ओरछा के बेतवा नदी तट के कंचना घाट पर श्री राम कथा के विविध प्रसंगों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
इसके अलावा सात दिवसीय राम लीला की प्रस्तुति रंगरेज कला संस्कार उज्जैन द्वारा की जाएगी। इसमें फिल्म और धारावाहिकों से जुड़े कलाकार प्रमुख भूमिका निभाएंगे। लीला में 90 से अधिक कलाकार हिस्सा लेंगे। कलाकारों में भगवान श्रीराम का किरदार तमिल फिल्मों के अभिनेता सुनील शर्मा निभाएंगे। टेलीविजन अभिनेत्री परिधि शर्मा सीता का किरदार निभाएंगी। टेलीविजन अभिनेता व गायक देवर्ष नागर लक्ष्मण की भूमिका करेंगे। हनुमान का किरदार फिल्म अभिनेता बिंदु दारा सिंह निभाएंगे। इसके अलावा रावण का किरदार प्रसिद्ध अभिनेता पुनीत इस्सर निभाएंगे। लाइटिंग और साउंड के साथ यह लीला मंचन पहली बार भव्य तरीके से होगा।
4 अप्रैल को शिव विवाह, रावण का विश्व विजय अभियान, श्रीराम जन्म, गुरु विश्वामित्र व दशरथ संवाद का मंचन होगा। 5 अप्रैल को ताड़का वध, अहिल्या उद्धार, वाटिका प्रसंग, धनुष यज्ञ, रावण, वाणासुर संवाद, लक्ष्मण-परशुराम संवाद का मंचन होगा। 6 अप्रैल को श्रीराम बरात, श्रीराम राज्य की घोषणाएं, कैक यी-मंथरा संवाद, दशरथ-कैकयी संवाद, श्रीराम वन गमन दिखाया जाएगा। 7 अप्रैल को श्रीराम-निषादराज मिलन, केवट प्रसंग, दशरथ देवलोक गमन, भरत-कैकयी संवाद का मंचन होगा। 8 अप्रैल को भरत मिलाप, सीता हरण, जटायु गमन, शबरी को भक्ति का ज्ञान और 9 अप्रैल को श्रीराम-हनुमान मिलन, श्रीराम-सुग्रीव मैत्री, बाली वध, हनुमान-रावण संवाद, लंका दहन का मंचन होगा। आखिरी दिन सेतुबंध, रामेश्वर स्थापना, रावण-अंगद संवाद, कुंभकरण, मेघनाद एवं रावण वध, श्रीराम का राज्याभिषेक कर लीला का समापन होगा।