झांसी। जनपद के बबीना थाना क्षेत्र के कैलारस में स्थित विनायक स्टोन क्रेशर पर तड़के फांसी के फंदे पर एक मजदूर का शव लटका मिलने से सनसनी फ़ैल गई। मृतक की बेसहारा पत्नी व बच्चों का रो रो कर बुरा हाल है।

बताया गया है कि मध्य प्रदेश के जिला सागर चील पहाड़ी निवासी रमेश पुत्र गफू मजदूरी का काम करता है। वह अपनी पत्नी और पांच बच्चों के साथ झांसी के बबीना थाना क्षेत्र के खैलार स्थित विनायक स्टोन क्रेशर पर मजदूरी करता था और यही झोपड़ी बना कर रह रहा था। आज सुबह रमेश का शव झोपड़ी के पास स्थित पेड़ से बंधी रस्सी से लटका मिला। इसकी सूचना उसकी पत्नी ने पुलिस को दी थी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। फिलहाल मजदूर ने किन परिस्थितियों के चलते आत्महत्या की स्पष्ट नहीं हो सका है। मृतक की पत्नी भी कुछ भी बताने में असमर्थ हैं। मृतक की पत्नी व पांच बच्चों की दयनीय हालत देख कर समाजसेवी व पत्रकार के प्रयास से क्रशर संचालक द्वारा दुःखी परिवार को आर्थिक सहायता का आश्वासन दिया है।