झांसी। झांसी-मऊरानीपुर हाईवे पर भगवंतपुरा में स्पेस मून सिटी के पास तेज रफ्तार बस ने सवारियों से भरी ऑटो में टक्कर मार दी। इस घटनाक्रम में आटो सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हो गए।

बांदा जिले के डिंगवाही निवासी लोहन सिंह अपने परिवार के साथ ओरछा में भगवान रामराजा के दर्शन करने के लिए गए हुए थे। रामराजा के दर्शन करने के बाद वह सभी आटो टैक्सी से वापस झांसी की ओर आ रहे थे। झांसी से उन्हें बांदा के लिए सायं 5 बजे ट्रेन पकड़नी थी। टैक्सी जब झांसी जिले के सदर बाजार थानान्तर्गत भगवंतपुरा के पास पहुंची तभी सामने से तेज रफ्तार से आ रही बस ने उसमें टक्कर मार दी। जिससे टैक्सी में सवार सवारियों में चीख-पुकार मच गई।

इस हादसे में आटो क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार बांदा के डिंगवाही निवासी लोहन सिंह की पत्नी सुनीता (53) की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा 10 लोग घायल हो गए है। इनमें से तीन की हालत नाजुक बनी हुई है। सभी को उपचार हेतु मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है।