– देश के विकास में तैलिक समाज की महत्वपूर्ण भूमिका : राज्य मंत्री राठौर 
– संगठन ने राजनीतिक दलों से शासन व सत्ता में आनुपातिक भागीदारी की मांग की

लखनऊ। रविवार को उत्तर प्रदेश तैलिक साहू महासभा के तत्वावधान में गोमतीनगर स्थित अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध संस्थान में सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री राकेश राठौर ने कहा कि देश के विकास में तैलिक समाज की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने समाज के लोगों से अपील की कि अपने बच्चों को उच्च शिक्षा मुहैया कराएं। जिससे वह डाक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक बनकर देश के विकास में अपनी अग्रणी भूमिका अदा कर सके।राज्यमंत्री ने कहा कि यह संस्था पूर्वजों द्वारा बनाई गई सबसे पुरानी महासभा है। सभी संगठनों को एक मंच पर लाकर एकजुट होकर समाज की आनुपातिक भागीदारी पर बल देना चाहिए।

कार्यक्रम में हुए संगठन के प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव में सर्वसम्मति से झांसी सदर के पूर्व विधायक कैलाश साहू को संगठन का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया। इस अवसर पर अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा के राष्ट्रीय महासचिव रामलाल गुप्ता ने कहा कि विभिन्न राजनीतिक दलों से शासन व सत्ता में आनुपातिक भागीदारी की मांग की। उन्होंने कहा कि पिछड़ी जातियों का आरक्षण सही तरीके से लागू नहीं हो रहा है। इसके लिए जातिवार जनगणना आवश्यक है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विनोद कुमार गुप्ता ने कहा कि कोरोना महामारी के कारण महासभा की गतिविधियां जितनी होनी चाहिए थी, नहीं हो पायी। लेकिन अब नई ऊर्जा के साथ संगठन की गतिविधियों को बढ़ाया जाएगा।कार्यक्रम में गाजीपुर विधायक जयकिशन साहू सहित कई सदस्य मौजूद थे।