– झांसी स्टेशन से ट्रेन से उतार कर ले गई पुलिस, पूछताछ जारी 

झांसी। बहुचर्चित लेखराज सिंह यादव प्रकरण में पूर्व सपा विधायक दीपनारायण सिंह यादव के बाद पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मीरा राय के पति विष्णु राय पर शिकंजा कसता नज़र आ रहा है। पुलिस ने विष्णु राय को शुक्रवार की रात में स्टेशन से हिरासत में ले लिया है। थाने में विष्णु राय से लेखराज प्रकरण के बारे में पूछताछ की जा रही है।

पुलिस द्वारा विष्णु राय को हिरासत में लिया जाना गोपनीय रखा था, किंतु सुबह होते ही उनसे थाना नवाबाद में पूछताछ किए जाने की खबर फैल गई। सूत्रों के अनुसार विष्णु राय भोपाल में थे। वहां से वह शुक्रवार को लखनऊ के लिए भोपाल-प्रतापगढ ट्रेन से रवाना हुए थे। पुलिस ने रात लगभग 11 बजे उन्हें झांसी में ट्रेन से उतारकर हिरासत में ले लिया।

इस मामले में पुलिस के अनुसार विष्णु राय को शनिवार को दोपहर तकरीबन साढ़े तीन बजे डीआरएम ऑफिस के पास से गिरफ्तार किया गया। चिकित्सीय परीक्षण के बाद पुलिस ने विष्णु राय को जेल भेज दिया गया।
सूत्रों के अनुसार 16 सितंबर को लेखराज सिंह की झांसी कचहरी में पेशी के दौरान विष्णु राय की मौजूदगी पाई गई थी। इसके अलावा कन्नौज में भी उनकी लोकेशन पूर्व में मिली थी। गौरतलब है कि लेखराज सिंह कन्नोज जेल में निरुद्ध है।  संभावना है कि इसी स्थिति को देखते हुए पुलिस ने विष्णु राय को हिरासत में लिया है। बता दें कि इसी मामले में पूर्व सपा विधायक दीपनारायण सिंह भी जेल भेजे जा चुके हैं।