मायका पक्ष ने लगाए छत से फेंककर हत्या के आरोप

झांसी। जनपद के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र में ग्वालटोली में शनिवार की रात लगभग 9 बजे विवाहिता की छत से गिरने पर मौत हो गयी। मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज की खातिर छत से फेंककर हत्या करने के आरोप लगाए हैं।
बताया गया कि ग्वालटोली सीपरी बाजार निवासी रेलवे वर्कशॉप में कार्यरत विवेक यादव की शादी वर्ष 2016 में ग्वालियर निवासी रामसिंह की बेटी आराध्या यादव से हुई थी। आरती के ससुर की मौत के बाद उसके पति को उनकी नौकरी मिल गई थी। शनिवार रात लगभग नौ बजे लोगों को किसी के छत की तीसरी मंजिल से गिरने की आवाज आई। मौके पर देखा तो आराध्या यादव घायल अवस्था में पड़ी हुई थी। परिजन उसे उठाकर उपचार के लिए मेडिकल कालेज ले गए। जहां उपचार के दौरान आराध्या ने दम तोड़ दिया।

सूचना मिलने पर झांसी पहुँचे आराध्या के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए उत्पीड़ित करने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि बेटी को दहेज की खातिर लगातार परेशान किया जा रहा था। एक दो बार पंचायत में समझौता भी हुआ था। उनका आरोप है कि परिजनों ने ही उनकी बेटी को छत से फेंककर मार डाला है। वहीं ससुरालियों का कहना है कि आपसी विवाद के कारण आरती छत से कूद गई। जिससे उसकी मौत हो गई। फिलहाल आराध्या के पिता रामसिंह की तहरीर पर सीपरी थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इस मामले में एसपी सिटी राधेश्याम राय ने बताया कि प्रकरण की जांच की जा रही है।