झांसी। जिले के नवाबाद थानान्तर्गत तालपुरा में एक महिला ने फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली। मृतका की लगभग डेढ़ वर्ष पहले ही शादी हुई थी। उसने फांसी क्यों लगाई यह स्पष्ट नहीं हो सका। हालांकि परिजनों का कहना है कि उसने मानसिक तनाव में आ कर आत्महत्या की है।

जनपद के नवाबाद थानान्तर्गत तालपुरा में 23 वर्षीय कामनी कुशवाहा पत्नी विक्की कुशवाहा परिवार के साथ रहती है। कामनी का मायका पुलिया नम्बर 9 में है।कामनी का विवाह वर्ष 2021 में विक्की कुशवाहा के साथ हुआ था। कामनी का पति कैटरिंग का काम करता है और सास ग्वालियर के पंचायत विभाग में काम करती है।

मंगलवार को उसकी सास ग्वालियर गई थी। घर में कामनी और उसकी जेठानी थी। इस दौरान कामनी ने अपने कमरे में जाकर फांसी लगा ली। कामनी को काफी देर तक अपने कमरे से बाहर नहीं निकलते देख जब उसकी जेठानी ने उसे आवाज लगाई तब भी उसने जवाब नहीं दिया। जब उसने देखा तब वह फांसी के फंदे पर लटकी हुई थी। यह देखकर उन्होंने शोर मचाया।सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।