मुठभेड़ में बाइक सवार तीन बदमाशो को लगी गोली, एक सकुशल 

झांसी। जिले में टोडी फतेहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम ढूरबई में डकैती काण्ड में फरार चल रहे बाइक सवार चार इनामी बदमाशों से टोडी फतेहपुर पुलिस बड़वार झील के पास मुठभेड़ हो गई। इस दौरान गोलीवारी में तीन बदमाशों को गोली लगी और एक सही-सलामत पकड़ लिया गया। घायलों को उपचार के लिए मऊरानीपुर भेजा गया है।

बताया गया है कि थाना टोडी फतेहपुर पुलिस क्षेत्र में गत रात्रि बड़वार झील के पास चेकिंग और रात्रि गश्त पर थी तभी गुरसराय की ओर से दो बाइक पर चार संदिग्ध लोग आते दिखे। जिन्हें पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। इस पर बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायर कर भागने का प्रयास किया। बचाव में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग कर दी। जिसमे तीन बदमाश घायल होकर गिर पड़े। पुलिस टीम ने तीनों घायल बदमाशों व उनके एक साथी को सही सलामत गिरफ्तार कर लिया। बदमाशों पर 25-25 हजार रुपए इनाम भी घोषित था।

पकड़े गए बदमाशो ने टोडी फतेहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम ढूरबई में डकैती की घटना को अंजाम दिया। पुलिस को उनकी तलाश थी। तलाशी लेने पर बदमाशों के पास से ढुरबई डकैती का डेढ़ लाख रुपए और डेढ़ किलो चांदी व डेढ़ सौ ग्राम सोना भी बरामद हुआ। घायल बदमाशों को मऊरानीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उपचार के लिए भेजा गया है।

गिरफ्तार बदमाशों के नाम राजवीर गुर्जर पुत्र भागीरथ, अरविन्द गुर्जर व कुलदीप गौड़ निवासी पारसेन थाना बिजौली जनपद ग्वालियर, सत्येन्द्र सेन निवासी कराहिया थाना कराहिया जनपद ग्वालियर बताए गए हैं। इनमें से कुलदीप को सकुशल गिरफ्तार किया गया जबकि तीनों के पैरों में गोली लगने से घायल हो कर गिरफ्तार करना बताया गया है।