महिला की लाश चारपाई पर व मंगलसूत्र कमरे में टूटा मिला 

झांसी। जिले में थाना शाहजहांपुर क्षेत्र अंतर्गत पांडोरी गांव में घर में घुसकर एक महिला की हत्या कर हत्यारे बदमाश घर से एक लाख और डेढ़ लाख रुपये की कीमत के गहने लूट कर ले गए हैं। महिला की लाश घर के आंगन में चारपाई पर पड़ी थी जबकि उसका मंगलसूत्र कमरे के अंदर टूटा हुआ मिलने से स्पष्ट है कि महिला ने बदमाशों का मुक़ाबला किया है।

बताया गया है कि सुमन श्रीवास (32) पत्नी अरविंद श्रीवास बृहस्पतिवार की रात घर में अपने दो बेटे अंशु (9) और पिनित (7) के साथ सो रही थी। जबकि पति अरविंद रात में मंदिर गया था। रात 2 बजे अरविंद घर लौटकर आया तो पत्नी ने गेट नहीं खोला। थोड़ी देर बाद अंशु ने दरवाजा खोला। अंदर गया तब भी पत्नी नहीं जगी। यह देखकर वह अंदर गया तो देखा कि पत्नी आंगन में चारपाई पर मरी पड़ी थी और उसका मंगल सूत्र कमरे के अंदर टूटा पड़ा था।
परिजनों का कहना है कि कुछ दिन पहलेे ही अरविंद ने मटर और चना की उपज बेची थी। घर में उपज का करीब एक लाख रुपया रखा हुआ था। बदमाश अलमारी तोड़कर एक लाख रुपया और करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत के जेवरात ले गए। स्थिति से स्पष्ट है कि सुमन ने बदमाशों से संघर्ष किया होगा, इससे मंगलसूत्र टूट कर कमरे में गिर गया होगा।
उधर, हत्या की सूचना मिलने पर झांसी से डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल से खोजी कुत्ता छत पर गया। खोजी कुत्ते की निशानदेही पर पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है। वहीं, पुलिस अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है। पुलिस का कहना है कि महिला की मौत गला दबाने से हुई है। पति की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके मामले की पड़ताल कराई जा रही है।