झांसी। बुधवार को जिले के एरच थाना क्षेत्र अन्तर्गत एरच कस्बे में ही मजार के पास मोड़ पर सवारियों से भरी बस अनियंत्रित होकर खाई में गिर कर क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में आठ यात्री घायल हो गये जिनमें तीन लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्राइवेट बस (यूपी 96 ए 9882) गुरसराय से सवारियों को लेकर पूंछ जा रही थी। बस एरच कस्बे से बेतवा नदी का पुल पार करते हुए आगे बढ़ी थी, तभी अचानक अनियंत्रित होकर खाई में गिर कर क्षतिग्रस्त हो गई। इस घटना से बस में बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। इस घटनाक्रम में सात सवारियां घायल हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचीं पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से राहत बचाव कार्य शुरू कराया और खाई में गिरी बस से घायल लोगों को बाहर निकलवाया।

पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा है। इस बस में लगभग 25 सवारियां थीं। इनमें से आठ लोग घायल हुए। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।दुर्घटना के बाद बस चालक और परिचालक दोनों फरार हैं। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।