झांसी। जिले के प्रेम नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत निवासी वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन पर स्टेशन मास्टर रामकुमार दुबे की पत्नी संगीता ने रविवार की रात फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली। कई बीमारियों से पीड़ित संगीता को जबसे पता चला कि उसे कैंसर है, वह परेशान होकर डिप्रेशन में आ गयी थी। संभवतः इसी कारण से उसने आत्महत्या जैसा कदम उठाया।

बताया गया है कि थाना प्रेमनगर क्षेत्र अंतर्गत नैनागढ़ निवासी रामकुमार दुबे वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन पर स्टेशन मास्टर के पद पर तैनात हैं। उनकी 58 वर्षीय पत्नी संगीता दुबे स्लिप डिस्क और माइग्रेन से पीड़ित थी ही कि चेस्ट में एक गांठ निकलने से उस समय और परेशान हो गई थी जब एमआरआई के बाद डॉक्टरों ने कैंसर की आशंका जताई थी।

संगीता को लगने लगा था कि उसे कैंसर से छुटकारा नहीं मिल पाएगा। इससे वह डिप्रेशन में आ गई थी। रविवार शाम संगीता जब घर में अकेली थी तभी उसने अपने कमरे में फांसी लगा ली। थोड़ी देर बाद जब बेटी लौट कर घर आई तो मां को फंदे पर लटके देख कर शोर मचा दिया। शोर सुनकर मोहल्ले के लोग भी जमा हो गए। परिजन संगीता को नीचे उतारकर अस्पताल ले गए। यहां डॉक्टरों ने संगीता को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। इस घटनाक्रम से पूरा परिवार सदमे में है। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।