झांसी। झांसी के मेडिकल कालेज में इलाज हेतु भर्ती एक महिला की मौत हो गई। महिला को बचाने के लिए उसके प्रेमी ने अपनी सारी जमा पूंजी खर्च कर दी। यहां तक उसने अपना मोबाइल भी गिरवी रख दिया। लेकिन वह अपनी प्रेमिका की जिंदगी नहीं बचा सका।

मध्य प्रदेश में छतरपुर जिले के ग्राम इमलिया निवासी लगभग 25 वर्षीय मेघा राजपूत की शादी मुबईया गांव में रहने वाले पुष्पेन्द्र के साथ हुई थी। मेघा के दो बच्चे हैं। जिनकी उम्र लगभग 7 और 5 वर्ष है। मेघा और पुष्पेन्द्र दिल्ली में मजदूरी कर अपना और परिवार का भरण पोषण करते थे। पिछले दिनों मेघा राजपूत को बीमारी के चलते इलाज हेतु झांसी मेडिकल कालेज में उसके प्रेमी रोहित ने भर्ती कराया गया था। जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतका मेघा का भी मायका ग्राम इमलिया है। मेघा की गांव के ही रोहित से दोस्ती हो गई और कुछ ही दिनों में यह दोस्ती प्यार में बदल गई। मेघा का यह प्यार पुष्पेन्द्र से शादी के बाद भी चलता रहा है। मेघा अपने पति के साथ दिल्ली में मजदूरी करने लगी और रोहित भी दिल्ली में मजदूरी करता था। दिल्ली में भी दोनों की मुलाकात होती रहती थी। जब इसकी जानकारी मेघा के पति पुष्पेन्द्र को हुई तो वह आक्रोशित हो गया और एक छोटे बच्चे को रोहित के पास छोड़ कर चला गया।

पिछले कई महीनों से दिल्ली में मेघा और रोहित एक साथ पति-पत्नी की तरह रह रहे थे। पिछले दिनों मेघा की अचानक तबीयत बिगड़ गई। जिसके इलाज में रोहित ने अपनी सारी जमा पूंजी खर्च कर दी। यहां तक कि उसने मोबाइल को भी गिरवी कर रख दिया था। लेकिन आराम नहीं लग रहा था। परेशान होकर होकर रोहित अपनी प्रेमिका मेघा और उसके बच्चे को लेकर झांसी आ गया। यहां बीमार मेघा को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। उपचार के दौरान मेघा की मौत हो गई। जिसकी जानकारी उसके मायके वालों को दी गई तो उसे उल्टा धमकी दी जाने लगी। पुलिस ने मामला संदिग्ध देख कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया।