प्रकाश दांगी और प्रीतम पाल के बीच हुई गोलीबारी से दहशत, भारी पुलिस बल तैनात 

दतिया मप्र (संवाद सूत्र)। मप्र के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के गृह जिले दतिया के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र अंतर्गत रेडा गांव में बुधवार सुबह खेत से मवेशी भगाने के विवाद में दो गुटों में फायरिंग में 5 ग्रामीणों की मौत हो गई जबकि 8 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ साथ पांचों मृतकों का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए रवाना कर दिया है। बता दें कि, घटना के बाद से इलाके में सनसनी का माहौल है।

बुधवार सुबह रेडा गांव में खेत पर ही प्रकाश दांगी और प्रीतम पाल के परिवारों के बीच अंधाधुंध फायरिंग हुई, जिसमें एक पक्ष से प्रकाश दांगी, रामनरेश दांगी, सुरेंद्र दांगी और दूसरे पक्ष से राजेंद्र पाल और राघवेंद्र पाल की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई है। इसी के साथ करीब 8 लोग घायल भी हुए हैं। बताया जा रहा है कि, दोनों गुटों के बीच तीन दिन पहले भी विवाद हुआ था, जिसके बाद दोनों ओर से सिविल लाइन थाने में मामला दर्ज कराया था। फिलहाल, घटना के बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है।

घायल ज्ञान सिंह पाल ने बताया कि मवेशियों को भगाने को लेकर दांगी समाज से विवाद हुआ है। अचानक गोलीबारी होने लगी। मुझे पैर में गोली लगी है। कुछ देर बाद मैं बेहोश हो गया। बड़ौनी एसडीओपी विनायक शुक्ला अस्पताल पहुंचे हैं। मामले की जांच की जा रही है। बताया गया है कि दोनों गुटों में तीन दिन पहले भी हुआ था विवाद दोनों लोगो ने सिविल लाइन थाने में कराया था मामला दर्ज।