फांसी के फंदे पर मिला अधेड लटका

झांसी। झांसी के शाहजहाँपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तालौड में एक अधेड़ ने फांसी के फंदे पर झूल कर मौत को गले लगा लिया। मृतक के बच्चे दिल्ली में मजदूरी करते हैं और वह गांव में अकेला रहता था।

झांसी के शाहजहाँपुर थाना क्षेत्र के ग्राम तालौङ में घर पर अकेले रह रहे लगभग 50 वर्षीय हरगोविंद पुत्र हल्के ने रात में किसी समय फांसी के फंदे पर झूलकर अपनी जीवन लीला को समाप्त कर लिया। जब पड़ोसी ने सुबह देखा तो इसकी सूचना ग्राम प्रधान को दी। ग्राम प्रधान की सूचना पर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारा और पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया।

ग्रामीणों के अनुसार मृतक मूल रूप से मोंठ थाना क्षेत्र के ग्राम कुम्हरार का निवासी था। उसकी पत्नी लगभग दस वर्ष पहले ही उसे छोड़कर चली गई थी जो लौट कर नहीं आई। वह अपने बच्चों को लेकर अपनी ससुराल तालौड़ में रहने लगा था। दो बच्चे बड़े होकर दिल्ली पहुंच गए और वहां मजदूरी करके अपना भरण-पोषण करते थे। हरगोविंद भी उन्हीं के साथ रहता और मजदूरी करता था। हरगोविंद के बेटे ने प्रेम विवाह किया तो बेटी ने भी दूसरा विवाह कर लिया था।

लोगों का कहना है वह हमेशा मानसिक तनाव में रहता था। अभी हाल ही में हरगोविंद दिल्ली अपने बेटों के पास गया था। वहां से लौट कर गांव में आकर आत्महत्या कर ली।