जयमाल डाल दुल्हन ने जताई पेपर देने की इच्छा, दूल्हे ने शादी रोक सीधे भेजा कॉलेज

झांसी। झांसी में एक ऐसा मामला आया जिसे सभी ने सराहा। विवाह समारोह के दौरान दुल्हन ने वरमाला के बाद दूल्हे को बताया कि उसे परीक्षा देने जाना है। इस पर दूल्हे ने दुल्हन की इच्छा का सम्मान करते हुए दूसरे दिन उसे कॉलेज भेज दिया। परीक्षा देने के बाद घर लौटी दुल्हन ने अन्य रस्में अदा कीं और दूल्हे के साथ विदा हुई। यह मामला चर्चा में बना हुआ है।

झांसी में मंगलवार की रात विवाह समारोह में दुल्हन ने जयमाल डालने के बाद दूल्हे से बताया कि उसकी दूसरे दिन परीक्षा है, उसे पेपर देने जाना है। इसके कारण विवाह की अन्य रस्में परीक्षा से लौटने पर होगी। इस पर दूल्हे ने उसकी इच्छा का सम्मान करते कॉलेज में एग्जाम देने के लिए भेज दिया। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में परीक्षा देने के लिए बुधवार को दुल्हन के लिबास में जब एक युवती पहुंची तो लोग चौंक गए। दुल्हन को छोड़ने उसका देवर और भाई आया था। पता चला कि रात में जयमाल डालने के बाद दुल्हन ने दूल्हे से पेपर देने की इच्छा जताई इस पर ससुराल पक्ष राजी हो गया और सात फेरे के बाद दूसरे दिन दुल्हन को परीक्षा देने के लिए भेज दिया गया।

दरअसल, झांसी की खुशबू बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में पोस्ट ग्रेजुएट की छात्रा है। बुधवार को वह बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में प्रयोजन मूलक हिंदी की परीक्षा देने पहुंची थी। परीक्षा भवन के कमरा नंबर 303 में खुशबू परीक्षा देने के लिए बैठी थी। खुशबू को दुल्हन के रूप में देख कर हर कोई हैरत में पड़ गया। परीक्षा भवन में निरीक्षण के लिए पहुंचे परीक्षा नियंत्रक राजबहादुर ने जब छात्रा से दुल्हन के वेश में आने का कारण पूछा तो उसने बताया कि वह अपनी शादी को रोककर परीक्षा देने आई है। उन्होंने खुशबू की तारीफ करते हुए खुशबू को आशीर्वाद दिया। परीक्षा देने के बाद खुशबू कार्यक्रम स्थल पर लौटी और दूल्हे के साथ परिजनों ने अन्य रस्में अदा कीं। इसके बाद परिजनों ने उसे विदा किया। हर कोई खुशबू के जज्बे व दूल्हे के सहयोग को सलाम कर रहा है।