– कोच को खूबसूरत व आकर्षक रेस्टोरेंट में किया गया परिवर्तित
– कबाड़ कोच से रेलवे कमाएगा लगभग 55 लाख का राजस्व
           
झांसी। मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन व वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शशिकांत त्रिपाठी के निर्देशन में NFR (गैर किराया राजस्व) पालिसी के अंतर्गत, विविध स्टेटिक सेवाओं के तहत  ई-ऑक्शन द्वारा आबंटित झांसी मंडल के पहले रेल कोच रेस्टोरेंट का शुभारम्भ गुरुवार को सांसद अनुराग शर्मा ने किया। इस दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शशिकांत त्रिपाठी व सहायक वाणिज्य प्रबंधक पंकज कुमार त्रिपाठी सहित नगर के गणमान्य नागरिक, अधिवक्ता, पत्रकार आदि विविध वर्गों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। अंत में संचालक हरीश पटपटिया ने आभार व्यक्त किया।

गौरतलब है कि झांसी शहर में इलाइट चौराहा-सीपरी बाजार मार्ग पर राही वीरांगना होटल के सामने रेलवे की खाली ज़मीन का सदुपयोग करते हुए मंडल प्रशासन द्वारा रेल कोच रेस्टोरेंट हेतु स्थान आबंटित किया गया। यह रेस्टोरेंट पूरी तरह वातानुकूलित है तथा सभी प्रकार के खाद्यान सहित पब्लिक टॉयलेट की उपलब्धता भी सुनिश्चित की गयी है | निश्चित रूप से यह अनोखा रेस्टोरेंट खाने के शौकीनों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा | इस रेस्टोरेंट में सभी प्रकार के शाकाहारी व्यंजनों के साथ ही यहां बुंदेली व्यंजनों का भी स्वाद मिलेगा। यह रेस्टोरेंट इसलिए भी खास है क्योंकि यहां किसी बिल्डिंग में नहीं बल्कि ट्रेन के डिब्बे में बैठ कर या कोच के बाहर खुले में सुरभ्य प्राकृतिक वातावरण में परिवार के साथ रेस्टोरेंट के खाने का मजा ले सकते हैं।

उल्लेखनीय है की रेलवे द्वारा खाली पड़ी ज़मीन तथा जर्जर पड़े कोचों का सदुपयोग करते हुए राजस्व अर्जन हेतु यह नयी योजना तैयार की गयी है | झांसी मंडल में आबंटित पहले  रेल कोच रेस्टोरेंट से मंडल को लगभग 55 लाख रूपए की आय संभावित है |