झांसी। जिले के एरच थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता ने फांसी का फंदा कस कर आत्महत्या कर ली। मायके वालों ने ससुरालियों पर मृतका को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।

घटना जनपद झांसी में एरच थानान्तर्गत ग्राम अचौसा की है। जहां ममता पत्नी सूर्य प्रताप सिंह का शव घर के कमरें में फांसी पर लटका हुआ देख कर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के मायके वालों के अनुसार उनकी बेटी की शादी 14 दिसंबर 2022 को सूर्यप्रताप सिंह के साथ हुई थी। उन्होंने हैसियत के अनुसार दहेज भी दिया था। लेकिन शादी के बाद से ही ससुरालीजनों उससे चार पहिया गाड़ी बोलेरो और पैसों की मांग करने लगे।

दहेज की मांग पूरी नहीं कर पाने के चलते मृतका को प्रताड़ित किया जाने लगा। इसी प्रताड़ना से परेशान होकर उसने आत्महत्या की है। मृतका के पिता ने एरच पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कानूनी कार्यवाही किए जाने की मांग की। वहीं पुलिस ने तहरीर के आधार पर ससुराल वालों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।