रंगबाजी दिखाते हुए 15 मिनट फायरिंग कर फैलाई दहशत 

दतिया मप्र (संवाद सूत्र)। मध्य प्रदेश के जिला दतिया में हाईवे पर चिरुला थाना क्षेत्र अंतर्गत टोल प्लाजा पर मंगलवार की रात बदमाशों ने रंगबाजी दिखाते हुए 15 मिनट तक लगातार फायरिंग की। फायरिंग की घटना से टोल प्लाजा के कर्मचारियों में जान बचाने के लिए भगदड़ मच गई।फायरिंग कर बदमाश फरार हो गए।

इस भगदड़ से खेत में बने कुएं में गिरने से दो कर्मचारियों हरियाणा निवासी श्रीनिवास परिहार और शिवाजी कांडेले की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कुएं से निकाल कर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। चिरुला पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से बदमाशों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

मप्र के दतिया जिले के डगरई टोल प्लाजा पर मंगलवार की रात लगभग 12 बजे के बाद नकाबपोश बदमाशों ने कर्मचारियों से मारपीट कर फायरिंग की। घटना से दहशत में आए कर्मचारी जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान दो कर्मचारी पास के खेत में बने कुएं में गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

पुलिस ने मीडिया को बताया है कि ग्वालियर-झांसी हाईवे के चिरुला थाना क्षेत्र के डगरई टोल टोल प्लाजा पर 4 बाइक पर 10-12 बदमाश पहुंचे थे। उन्होंने कर्मचारियों के साथ मारपीट कर फायरिंग की। 15 से 20 मिनट बाद बदमाश फरार हो गए। एसडीओपी प्रियंका मिश्रा ने बताया कि टोल प्लाजा पर रंगदारी दिखाते हुए अज्ञात बदमाशों ने मारपीट और फायरिंग की है। भगदड़ के बाद 2 कर्मचारी कुएं में गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई। मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।