रायपुर (संवाद सूत्र)। रायपुर में एक कमरे में आशिकी में मस्त नाबालिग गर्लफ्रेंड व उसके बॉयफ्रेंड को पकड़ कर परिजनों ने धुनाई कर उसी कमरे में बंद कर दिया तो बदनामी के डर से दोनों ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। इस मामले में तिल्दा पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में नाबालिग लड़की के मां, चाचा और बड़े पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

मामला शुक्रवार-शनिवार की रात का है। दरअसल 18 वर्षीय सन्नी साहू अपनी 15 वर्षीय गर्लफ्रेंड से मिलने के लिए शुक्रवार रात 9 बजे उसके घर पहुंचा। दोनों एक कमरे में घुस कर आशिक़ी कर रहे थे। इस बीच लड़की के घर वालों ने उन्हें देख लिया। इसके बाद आवेश आए लड़की के चाचा, बड़े पिता और मां ने कमरे के अंदर घुसकर लड़के की पिटाई की और डंडे से उसका सिर फोड़ दिया। मारपीट के बाद घर वालों ने दोनों को एक कमरे पर बंद कर बाहर से कुंडी लगा दी और बाहर से दोनों को धमकी देने लगे।

आशिकी करते पकड़े जाने व मारपीट होने के बाद बदनामी से कमरे के अंदर बंद दोनों प्रेमी डर गए। उन्होंने दरवाजे को अंदर से बंद कर लिया। कुछ देर बाद लड़की की मां ने दरवाजा खोलने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं खुला। जब अंदर से आवाज आना बंद हो गया, तो कुछ देर बाद घर वालों को शक हुआ तो दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे।

कमरे में सन्नी साहू अपनी गर्लफ्रेंड के साथ पंखे पर लटका हुआ था। दोनों की मौत हो चुकी थी। जिसके बाद तिल्दा-नेवरा पुलिस को सूचना दी गई। सन्नी साहू के खिलाफ जून 2023 में नाबालिग को भगाने के मामले में केस दर्ज हुआ था। जिसे लेकर वह माना के नाबालिग संरक्षण केंद्र में करीब डेढ़ महीने बंद था। वहां से वापस आने के बाद उसका वापस नाबालिग से मिलना जुलना शुरू हो गया था।

इस मामले में पुलिस ने नाबालिग की मां कृति वैष्णव, चाचा मुकेश वैष्णव और बड़े पिता चंदू वैष्णव को जेल भेज दिया है। इन पर आरोप है कि इन्होंने दोनों को आत्महत्या के लिए उकसाया है। इस मामले में पुलिस अब आगे की कार्रवाई कर रही है।