झांसी। भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरों टॉलरेंस नीति के तहत झांसी खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग में दो आउट सोर्सिंग कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया गया है। उन पर वसूली, भ्रष्टाचार में लिप्त होने और कई सालों से एक ही स्थान पर जमे होने की शिकायतें की गई थीं।

फूड एंड ड्रग विभाग के असिटेंट कमिश्नर मुकेश पालीवाल ने बताया कि कम्प्यूटर ऑपरेटर के पद पर राहुल शर्मा और औषधि अनुसेवक के पद पर फूल सिंह ऑउट सोर्सिंग पर तैनात थे। दोनों कई सालों से एक ही स्थान पर जमे हुए थे। ड्रग विभाग में इंस्पेक्टर डॉ. देवयानी हैं। उन्हें जनपद जालौन की जिम्मेदारी मिली है। वह तीन दिन जनपद जालौन और तीन दिन झांसी में रहकर काम करती है। इंस्पेक्टर देवयानी जब झांसी में छापा मारने जाती थी तो फूलसिंह उनके साथ सैंपल लेने जाता था।

उस आरोप है कि जब देवयानी जनपद जालौन जातीं थी तभी पीछे से वह बाजार में जाता था और लोगों को डरा धमकाकर उनसे रुपयों की मांग करता था। इतना नहीं विभाग में भी कोई आता था तो उनसे भी इसी प्रकार बर्ताव करते हुए रुपए मांगे जाते थे। इन कर्मचारियों के वसूली करने की शिकायत औषधि निरीक्षक ने 12 जनवरी 2024 को उच्च अधिकारियों से शिकायत की थी।

उन्होंने इन दोनों कर्मचारियों को हटाने का अनुरोध किया था। शिकायती पत्र में कहा था कि दोनों कर्मचारियों ने औषधि विक्रय लाइसेंस के लिए आवेदन करने के नाम पर आवेदनकर्ता से डरा धमका कर रिश्वत ली। कर्मचारियों ने कहा कि उनके जरिये काम करवाओगे तो सस्ते में हो जाएगा। इसके बाद खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की आयुक्त ने झांसी के सहायक आयुक्त को दोनों कर्मचारियों की सेवा समाप्त करने का निर्देश दिया। सहायक आयुक्त खाद्य मुकेश पालीवाल ने बताया कि दोनों कर्मचारियों को सेवा समाप्त कर दी गई है।