झांसी। मां के थप्पड़ मारने से दुखी होकर छात्रा ने राजघाट नहर में छलांग लगाकर जान दे दी। उसका शव बारह घंटे बाद रक्सा के नदीपार गांव में नहर से उतराता हुआ बरामद हुआ। इसके छह घंटे बाद शव की शिनाख्त हो पाई।

झांसी के थाना बबीना के खैलार निवासी जयराम वर्मा की पुत्री मानसी उर्फ मिली (17) बारहवीं की छात्रा थी। वह बिजौली स्थित सरस्वती ज्ञान मंदिर में पढ़ती थी। परिजनों ने पुलिस को बताया कि शाम को मानसी घर के बाहर घूम रही थी। इस पर उसकी मां ने उससे घर में कामकाज करने को कहा लेकिन, मानसी ने इसे अनसुना कर दिया।

इससे नाराज होकर मां ने बाहर निकलकर मानसी को कई थप्पड़ जड़ दिए। मां के पिटने से मानसी नाराज होकर घर से चली गई। काफी देर जब वह नहीं पहुंची तब परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। पता न चलने पर रात में ही बबीना थाने पहुंचकर पुलिस को लड़की के गायब होने की जानकारी दी। इधर, शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे रक्सा के नदीपार गांव के पास युवती का शव बहता देख ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर जाकर शव को बाहर निकाला। कई घंटे तक पुलिस उसकी शिनाख्त नहीं कर पा रही थी। गुमशुदगी तलाशने पर मृतका के बारे में मालूम चला।

मानसी कि शव नहर में मिलने की सूचना पर परिवार में कोहराम मचा गया। उधर, शिनाख्त होने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। परिवार में मानसी सबसे बड़ी थी।