झांसी। झांसी -कानपुर हाईवे पर मोंठ थाना क्षेत्र में रविवार को अज्ञात वाहन कुछ टक्कर से किसान की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया।

मोंठ कोतवाली क्षेत्र के समीपवर्ती ग्राम अमरा निवासी किसान 48 वर्षीय वीरेंद्र उर्फ राजू पाठक पुत्र जमुना पाठक प्रतिदिन की भांति रविवार सुबह करीब 7:30 बजे अपने धान के खेत पर फसल को देखने के लिए जा रहा था। वह जैसे ही खेत के पास पहुंचा और झांसी कानपुर हाईवे को पार करने लगा तभी अज्ञात वाहन ने किसान में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि 15 फीट तक किसान के शरीर के अंगों के टुकड़े बिखर गए और तत्काल घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।

सूचना मिलते ही कोतवाल दिनेश कुरील पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और वहां मौजूद लोगो से जानकारी जुटा कर परिजनों को घटना से अवगत कराया। घटनास्थल पर परिजनों के आने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लिया तथा पंचनामा पर पोस्टमार्टम के लिए झांसी भेज दिया। पुलिस कानूनी कार्यवाही कर अज्ञात वाहन की तलाश करने में जुटी हुई थी।