झांसी। राज्यसभा में संविधान पर बहस के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री के भाषण में अंबेडकर पर बयान के बाद पूरे देश में विपक्षी हमलावर है। झांसी में भी कांग्रेस और सपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर गृह मंत्री का पुतला फूंकने का प्रयास किया किन्तु पुलिस पुतला छीन लिया।

दरअसल, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा डॉ.भीमराव आंबेडकर पर दिए गए बयान को लेकर राजनीति गरमाई हुई है। उनके इस बयान के विरोध में बृहस्पतिवार को कांग्रेस और सपा के नेताओं ने इलाइट चौराहा पर गृहमंत्री अमित शाह का पुतला फूंकने का प्रयास किया। हालांकि, पुतला दहन से पहले पुलिस वहां पहुंच गई और पुतला छीनकर अपने साथ ले गई। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने चौराहा पर ही धरना शुरू कर दिया।

पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य के साथ कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के नेता व कार्यकर्ता गृहमंत्री अमित शाह का पुतला दहन करना चाहते थे। उनका आरोप था कि डॉ. भीमराव अंबेडकर दलित और वंचित वर्ग के भगवान हैं। ऐसे में गृहमंत्री द्वारा देश की संसद में उनका अपमान सहन नहीं किया जाएगा।

इससे पहले की सपा नेता गृहमंत्री का पुतला दहन कर पाते पुलिस पुतला लेकर थाने पहुंच गई। इस दौरान सपा व कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुतल वापस लेने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस ने ऐसा नहीं होने दिया। इसी दौरान पुलिस और प्रदर्शन कारियों में झड़प भी हुई। इसके बाद प्रदीप जैन आदित्य, सपा की युवजनसभा के जिलाध्यक्ष शिवप्रताप सिंह यादव समेत प्रदर्शनकारी चौराहा पर ही गृहमंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए।