झांसी। लोकसभा चुनाव के चौथे चरण के मतदान के लिए झांसी-ललितपुर संसदीय क्षेत्र में अपने-अपने प्रत्याशी के पक्ष में मतदाताओं का रुख मोडऩे के लिए चुनाव मैदान में जोर अजमाइश कर रही भाजपा, कांगे्रस, सपा गठबंधन ने बड़े नेताओं को चुनावी सभाओं को सम्बोधित करने की रणनीति बनायी है। इसके तहत 25 अप्रैल को बुन्देलखंड के झांसी में जहां एक ओर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह चुनावी जनसभा करेंगें तो वहीं दूसरी ओर कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा रोड शो करेंगीं।
जानकारी के अनुसार भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह 25 अप्रैल को झांसी आकर मुक्ताकाशी मंच पर भाजपा के झांसी-ललितपुर लोकसभा प्रत्याशी अनुराग शर्मा के समर्थन में चुनावी सभा को सम्बोधित करेंगे। इसी प्रकार कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी भी 25 अप्रैल को झांसी में कांग्रेस गठबंधन के प्रत्याशी शिवशरण सिंह कुशवाहा के समर्थन में रोड शो करेंगीं। इसके अलावा सपा-बसपा-रालोद गठबंधन के प्रत्याशी श्याम सुन्दर सिंह के समर्थन में 26 अप्रैल को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष/पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव झांसी में होंगे। वह झांसी के राजकीय इंटर कालेज में गठबंधन प्रत्याशी श्याम सुन्दर सिंह यादव पारीछा के समर्थन में चुनावी रैली करेंगे। इन कार्यक्रमों को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।