झांसी। महिला कल्याण संगठन, उत्तर मध्य रेलवे, झांसी मंडल द्वारा बेतवा क्लब में एक भव्य पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर झांसी मंडल के झांसी, बांदा, ग्वालियर, उरई और ललितपुर में आयोजित ड्राइंग एवं निबंध प्रतियोगिता के विजेता रहे रेलकर्मियों के बच्चों को संगठन की अध्यक्षा श्वेता सिन्हा द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा, झांसी मंडल में कार्यरत उन महिला रेल कर्मियों को भी सम्मानित किया गया, जो अपने कार्यालयी कार्यों के साथ-साथ शिक्षा, समाज सेवा, खेल-कूद, स्वच्छता और अन्य सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाकर दूसरों को प्रेरित कर रही हैं।

कार्यक्रम के दौरान अध्यक्षा श्रीमती सिन्हा ने पुरस्कृत बच्चों, सम्मानित महिला रेल कर्मियों तथा संगठन के कार्यों में सहयोग देने वाले सभी रेलवे कर्मचारियों को उनके उज्ज्वल भविष्य और सुखद जीवन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें और हरसंभव सहायता प्रदान करें। साथ ही, महिला रेल कर्मियों को अपने दैनिक कार्यों के साथ समाज सेवा के कार्यों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर महिला कल्याण संगठन की अन्य पदाधिकारी एवं सदस्यगण – ममता मिश्रा, सारिका कनौजिया, संगठन सचिव मोनिका गोयल, कोषाध्यक्ष मनुश्री सैनी, प्रियंका गुप्ता, अर्चना एवं संगीता नामा उपस्थित रहीं। यह कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण, शिक्षा एवं सामाजिक सहभागिता को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।