• पुलिस ने पीडि़ता की तहरीर पर दर्ज किया मुकदमा
    झांसी। जनपद के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र में आवास-विकास कालोनी की एक युवती को जबरन देह व्यापार में ढकेल दिया और जब पीडि़ता ने विरोध किया तो उससे दो लाख रुपयों की मांग की। पीडि़ता की शिकायत पर सक्रिय हुई पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया और तत्काल कार्यवाही करते हुए देह व्यापार की संचालिका को दबोच लिया। जबकि उसका साथी फरार है।
    प्रेमनगर थाना पुलिस को तहरीर देते हुए आवास विकास कालोनी निवासी एक युवती ने बताया कि उसकी मुलाकात साहनी कालोनी में निवासी जयदेवी से हुई, किन्तु उसे इसका पता नहीं था कि उक्त महिला देह व्यापार की संचालिका है। वह जयदेवी की बातों के जाल में फंस गयी। इस दौरान महिला के साथ ही इस गलत धन्धे का सहयोगी हरदयाल निवासी बिजौली भी उससे मिला। जयदेवी व हरदयाल जान से मारने की धमकी देते हुए उसे जबरन बिजौली ले गये। बिजौली के एक मकान में हरदयाल ने एक व्यक्ति को बुलाया, जिसने उसके साथ गलत काम किया। इस दौरान पांच हजार रुपया लिये। जब उसने इस धन्धे का विरोध किया तो आरोपियों ने बदनाम करने की धमकी देते हुए उससे दो लाख रुपयों की मांग की। पुलिस ने पीडि़ता की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ धारा ३०५, १७७, ३८७ व ३/५/७/८ अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। इस मामले में प्रेमनगर थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मुकदमा दर्ज करने के तुरन्त ही पुलिस ने आरोपियों को पकडऩे के लिए कार्यवाही शुरू की। इस दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर देह व्यापार संचालिका को तांगा स्टैण्ड से बंदी बना लिया।