Oplus_16908288

झांसी। जिले के सदर थाना क्षेत्र के भगवंतपुरा में रविवार को ब्यूटीशियन मीनू की लाश फंदे पर लटकी मिली है। वो पति से तलाक लेकर अपने बॉयफ्रेंड इरफान के साथ लिव-इन में रह रही थी। इरफान पहले से ही 2 शादी कर चुका है। बताया जा रहा है कि शादी को लेकर ही दोनों के बीच झगड़ा होता था।

मृतका मीनू के भाई ने हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि  बिना पुलिस कार्रवाई किए लाश जलाने का दबाव बना रहे थे। फिलहाल, पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

थाना नवाबाद क्षेत्र अंतर्गत गुमनावारा निवासी मृतका मीनू प्रजापति (38) पुत्री धनीराम सीपरी बाजार के नंदनपुरा में एक ब्यूटी पार्लर पर काम करती थी। वह अपनी सहेली के साथ पार्लर आती-जाती थी। सहेली का भाई इरफान भी पार्लर आता-जाता रहता था। इस दौरान मीनू की इरफान से दोस्ती हो गई।

2012 में परिजनों ने मीनू की शादी मुरैना में कर दी। लेकिन, शादी के करीब 6 महीने बाद ही उसका अपने पति से झगड़ा हो गया। इसके चलते कुछ समय बाद ही मीनू और उसके पति का तलाक हो गया। इसके बाद मीनू मायके में रहने लगी। उसके पिता ने भगवंतपुरा में घर बनवा दिया। करीब 10 साल से मीनू उसी घर में रह रही थी।

परिजनों ने बताया- इरफान का मीनू के घर पर आना-जाना था। दोनों साथ भी रहते थे। इरफान पहले से शादीशुदा था। कुछ समय पहले ही उसने दूसरी शादी कर ली थी। उसने मीनू को धोखे में रखा कि उससे शादी करेगा। लेकिन, मीनू की जगह दूसरी लड़की से शादी कर ली। इसको लेकर मीनू परेशान रहती थी। भाई विजय ने बताया- शनिवार शाम करीब 6 छोटी बहन पूजा जन्माष्टमी पर्व पर मीनू के घर पहुंची। वहां मीनू फंदे से लटकी हुई थी। पूजा ने तुरंत घर पर फोन किया। इसके बाद हम लोग मौके पर पहुंचे। मेरी बहन मीनू की हत्या कर लाश को फंदे पर लटकाया गया है।

विजय ने बताया- शव देखा तो मीनू के पैर जमीन में टच हो रहे थे। दरवाजा अंदर से बंद था, लेकिन खिड़की से हाथ डालकर खोला जा सकता है। इसके बाद इरफान और मोहल्ले वाले आ गए। लोग पुलिस कंप्लेंट करने से मना करने लगे। कहने लगे कि कि बिना कंप्लेंट किए ही शव का अंतिम संस्कार कर देंगे। इसलिए हमें लग रहा है कि उसकी हत्या की गई है। इसके बाद मैंने पुलिस को शिकायत की।

फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की जांच पड़ताल कर पता लगाया जा रहा है कि मीनू ने किन परिस्थितियों में मौत को गले लगाया है। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।