पुरानी रंजिश के चलते दिया घटना को अंजाम
झांसी। जिले के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के उनाव वालाजी मार्ग पर ग्राम भोजला में दिनदहाड़े बाइक सवार को गोली मारकर उसकी पत्नी के सामने हत्या कर दी गई। फायरिंग की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। आसपास के दुकानदार अपनी अपनी दुकान बंद कर भाग गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है। घटना का कारण पुरानी रंजिश बताई जा रही है, जिसमें एक आरोपी रिंकू का नाम सामने आया है।
सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम भोजला निवासी अरविंद यादव अपनी पत्नी के साथ बाइक से झांसी आ रहा था। जैसे ही वह उन्नाव बालाजी रोड पर भोजला चौराहे पर पहुंचा तभी बाइक सवारों ने उस पर अंधाधुंध चार फायर किए। जिसमें एक गोली अरविंद यादव भगत जी के पेट में लग गई।
गोली लगते ही अरविंद व उसकी पत्नी बाइक सहित जमीन पर गिर पड़ा और हमलावर मौके से फरार हो गए। सरेआम दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना से आस पास के इलाके में सन्नाटा छा गया। दुकानदार अपनी अपनी दुकान बंद कर भाग गए। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, किंतु वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
बताया गया है कि यह घटना पुरानी रंजिश में वर्ष 2019 में गांव में हुई एक हत्या के मामले से जुड़ी है। उस समय हुई हत्या का एक आरोपी नरेश आज भी फरार चल रहा है। आज जिसे गोली लगी है, वह नरेश के परिवार का दूर का सदस्य है। एस एस पी ने बताया कि पुरानी रंजिश में घटित इस घटना में रिंकू का नाम सामने आया है। उन्होंने बताया कि इस घटनाक्रम में जो भी शामिल होगा उसे बख्शा नहीं जाएगा। मृतक को दो गोलियां लगी हैं। क्षेत्र में कानून व्यवस्था की स्थिति सामान्य है। पुलिस घटना की जांच व आरोपियों की तलाश में जुट गई है।









