डीआरएम का झांसी – आगासोद खंड का दौरा, बबीना, धौर्रा, आगासोद, ललितपुर रेलवे स्टेशनों का सघन निरीक्षण
झांसी। 18 सितंबर को मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार द्वारा वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-आगासोद खंड के विभिन्न स्टेशनों का सघन निरीक्षण किया गया।
श्री अनिरुद्ध निरीक्षण विशेष गाड़ी से सबसे पहले बबीना पहुंचे, जहां उन्होंने सभी कार्यालय का निरीक्षण किया। इसके साथ ही सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग, रेल सुरक्षा बल आदि स्थलों का भी जायजा लिया। उन्होंने शौचालय और पेय जल की व्यवस्था की भी जांच की। स्टेशन पर फैले कबाड़ को देख मंडल रेल प्रबंधक द्वारा नाराजगी व्यक्त की गई। जल्द से जल्द कबाड़ और कूड़े का प्रबंधन ठीक करने आदेश दिए। यात्री सुविधाओं को सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए। बबीना स्टेशन पर व्यापार मंडल ने ट्रेन के ठहराव के लिए ज्ञापन भी सौंपा।
निरीक्षण के क्रम में मंडल रेल प्रबंधक धौर्रा स्टेशन पहुंचे। यहां उन्होंने स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। स्टेशन पर सफाई व्यवस्था बेहतर करने का जोर दिया। इसके उपरांत श्री कुमार द्वारा आगासोद स्टेशन का निरीक्षण किया गया। उन्होंने स्टेशन मास्टर कक्ष, कंट्रोल पैनल, सिग्नल एवं टेलीकॉम कक्ष का जायजा लिया। विद्युतीकरण से संबंधित व्यवस्थाओं की गहनता से जांच की।
मंडल रेल प्रबंधक द्वारा टावर वैगन के माध्यम से आगासोद परिक्षेत्र स्थित मंडल के महत्वपूर्ण इंटरचेंज पॉइंट का निरीक्षण किया। इसके साथ ही धौर्रा-जाखलौन एवं आगासोद-बीना रेल खंड के मध्य चल रहे तीसरी लाइन के कार्य को निर्धारित समय सीमा के अंदर पूरा करने के निर्देश दिए। इस लाइन के पूरा होने से गाड़ियों का परिचालन और गतिशीलता बेहतर होगी।
इसके उपरांत मंडल रेल प्रबंधक ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित किए जा रहे ललितपुर रेलवे स्टेशन का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने सर्कुलेटिंग क्षेत्र, स्टेशन परिसर, पार्किंग ,कार्यालयों तथा अन्य यात्री सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने शौचालय, प्रतीक्षालय और वीआईपी रूम का भी जायजा लिया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने स्टेशन पर स्थित खान-पान स्टालों की जांच की। उन्होंने स्टालों पर कार्यरत कर्मचारियों के मेडिकल कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की और उन्हें निर्धारित मानदंडों के अनुसार ही सामान बेचने के आदेश दिए। “नो बिल, नो पे” को प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर नरेंद्र सिंह, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर अशोक प्रिय गौतम, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक जे संजय कुमार, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त विवेक नारायण, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर गौरव यादव, मंडल इंजीनियर अंकुर गुप्ता वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी गिरीश कंचन सहित मंडल, निर्माण विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे l