झांसी। भाजपा से गरौठा विधायक जवाहर सिंह राजपूत को किसानों की समस्याओं व जनहित के मुददों को उठाना महंगा पड़ रहा है। गरौठा विधायक की इस कार्यप्रणाली से जनपद के प्रभारी मंत्री मोती सिंह भी परेशान आ गए हैं। उन्होंने झांसी प्रवास के दौरान पत्रकारों से वार्ता के दौरान गरौठा विधायक जवाहर सिंह पर बड़ा आरोप मड़ दिया। उन्होंने कहा कि विधायक ने उनका बैठना मुश्किल कर दिया है।
दरअसल, जिला मंत्री प्रभारी राजेन्द्र सिंह उर्फ मोती सिंह ने झांसी प्रवास के दौरान विभागों का निरीक्षण किया। इसके बाद अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक करने के बाद पत्रकारों से वार्ता के दौरान उन्होंने प्रदेश सरकारी योजनाओं के बारे में अवगत कराया। जब उनसे गरौठा विधायक जवाहर सिंह राजपूत द्वारा किसानों की मूंगफली और उड़द की फसल का भुगतान न होने की ओर ध्यान आकर्षित कराने पर सवाल किया गया है तो उन्होंने जबाब दिया कि जिलाधिकारी ने इसको लेकर शासन को प्रपत्र भेजा है। किसानों की फसल का शीघ्र भुगतान करा दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि उनके विधायक जवाहर सिंह राजपूत ने उनका बैठना मुश्किल कर दिया है, सबका बैठना मुश्किल कर देते हैं। यहां कोई नही बचा है जिसको वह धमकाते न हो।