राजस्थानी चोर गैंग झांसी में सक्रिय, मुठभेड में चोरी के माल सहित 3 शातिर दबोचे 

0
77
Oplus_16908288

झांसी। थाना सीपरी बाजार पुलिस ने मुठभेड के दौरान राजस्थान के भीलवाड़ा निवासी अंतरराज्यीय तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तमंचा कारतूस और चोरी के सोने- चांदी के जेवरात सहित नकदी बरामद कर ली है।

दरअसल दो अगस्त को मसीहागंज इलाका स्थित पोश कॉलोनी में एक सूने मकान में अज्ञात चोरों ने दुकानदार के आवास का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ली थी। एसएसपी के निर्देश के बाद अपराधियों की धर पकड़ में लगी थाना सीपरी बाजार पुलिस को देर रात सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए काशीराम पार्क सीपरी बाजार क्षेत्र के पीछे स्थित क्रेशर के पास छिपे हुए हैं। इस सूचना पर पहुंची पुलिस को देख संदिग्धों ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी और भागने लगे।

पुलिस टीम ने जवाबी कार्यवाही करते हुए फायरिंग करते हुए तीन संदिग्धों को दबोच लिया। पूछताछ में पकड़े गए संदिग्धों ने दो अगस्त को कालोनी में दुकानदार के सूने घर से चोरी करने की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने तीनों के कब्जे से घर से चोरी किया गया सोने चांदी के जेवरात सहित 12 हजार सात सौ नब्बे रुपये बरामद कर उनके कब्जे से दो देशी तमंचा, दो जिंदा, दो खोखा कारतूस, चोरी में प्रयुक्त सब्बल व सरिया बरामद किए गए हैं।

पूछताछ में तीनों ने अपने नाम राजस्थान के भीलवाड़ा शाहपुर निवासी रामस्वरूप, कालू उर्फ भूरा, सत्य नारायण उर्फ सत्तू और भागे हुए दो अन्य साथियों के नाम अजमेर के भीनाई निवासी नारायण बागरिया, महेंद्र बागरिया बताए। पुलिस भागे हुए बदमाशों की तलाश कर रही है।

पुलिस ने बताया कि राजस्थान के निवासी तीनों शातिर एक अंतर्राज्यीय चोर गिरोह के सदस्य हैं। यह बंद पड़े मकानों की रेकी कर सब्बल व सरिया से ताला एवं दरवाजे तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। इनके द्वारा अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर जनपद झाँसी में भी चोरी की घटनाएं कारित की गई हैं। जांच के दौरान अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास भी प्रकाश में आया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here