झांसी। जनपद के कोतवाली थाना क्षेत्र के व्यस्ततम बाजार सुभाषगंज में अचानक गोली चलने से व्यापारियों में दहशत फैल गयी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एक दुकान की चददर को फाड़ कर गिरी गोली के अवशेष को कब्जे में ले लिया और जांच शुरू कर दी है।
बताया गया है कि शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के सुभाष गंज में हमेशा की तरह आज भी रौनक थी तभी अपरान्ह करीब 3 बजे अचानक गोली चलने की आवाज से दुकानदार व ग्राहक अचंभित हो गए। इस दौरान छनियापुरा निवासी रोहित वरयानी के दोना पत्तल के प्रतिष्ठान कान्हा ट्रेडर्स के द्वार पर रिवाल्वर या पिस्टल की गोली का अवशेष पड़ा मिला। जांच करने पर पता चला कि गोली रोहित की दुकान के बाहर लगी टीन शेड में छेद कर गिरी थी। इस घटना की जानकारी मिलने पर बाजार में भीड़ एकत्रित हो गयी और मौके पर सीओ सिटी जितेंद्र परिहार, शहर कोतवाल संजय सिंह, मिनर्वा चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह समेत भारी पुलिस बल पहुंच गया। पुलिस ने व्यापारियों से बात कर घटना की जानकारी ली। गोली कहां से चली व किस उददेश्य से चलायी गयी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मौके पर मिले चली गोली के अवशेष की जांच कर रही है।












