झांसी। स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी जंक्शन पर स्टेशन निदेशक संजीव जाटव के नेतृत्व में स्वच्छता रैली का आयोजन किया गया। रैली में स्टेशन पर कार्यरत कर्मचारियों, सफाई मित्रों एवं सहायक पोर्टरों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
कार्यक्रम में आरपीएफ प्रभारी योगेश राणा, स्टेशन प्रबंधक रामनारायण अग्रवाल, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक मनोज तिवारी, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक अरविंद कुमार, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक बलराम मीणा सहित रेलवे के अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य सहभागी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में जेसीज कल्पना पांडे , जेसीज प्रदीप श्रीवास्तव एवं प्रमुख समाजसेवी सियाशरण चतुर्वेदी सहित अन्य सहयोगियों ने सहभागिता की। इस दौरान यात्रियों एवं स्टेशन पर उपस्थित लोगों को स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए स्टेशन परिसर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के उपायों की जानकारी दी गई। यात्रियों से स्टेशन की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने तथा कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने की अपील की गई।
रैली के दौरान यात्रियों के साथ मधुर एवं विनम्र व्यवहार किए जाने के महत्व पर भी परिचर्चा की गई। कर्मचारियों को यात्री सेवा के दौरान शालीनता, सहयोग एवं सकारात्मक व्यवहार बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वच्छता के साथ-साथ यात्रियों में स्वच्छ स्टेशन एवं बेहतर यात्री सेवा के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना रहा।














