देश का किसान सहकार से समृद्धि की ओर अग्रसर : चंद्रपाल सिंह

0
55

कृभको की 46वीं वार्षिक आम सभा आयोजित

नई दिल्ली। कृषक भारती कोऑपरेटिव लिमिटेड (कृभको) ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में 824.68 करोड़ रुपये का कर-पूर्व लाभ अर्जित किया है। संस्था ने अपनी सदस्य सहकारी समितियों की इक्विटी पूंजी पर 20 प्रतिशत लाभांश देने की घोषणा की है।

नई दिल्ली में आयोजित कृभको की 46वीं वार्षिक आम सभा में संस्था के प्रदर्शन और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी गई। इस अवसर पर इंटरनेशनल कोऑपरेटिव एलायंस-एशिया पैसिफिक के अध्यक्ष डॉ. चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि देश का किसान अब ‘सहकार से समृद्धि’ की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि कृभको लगातार किसानों के हित में काम कर रहा है और सहकारिता के माध्यम से किसानों को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
कार्यक्रम में अध्यक्ष वी सुधाकर चौधरी ने कहा कि कृभको निरंतर नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

वर्ष 2025-26 में कृभको ने 21.34 लाख मीट्रिक टन यूरिया और 12.39 लाख मीट्रिक टन अमोनिया का उत्पादन किया। यूरिया में 97.26 प्रतिशत और अमोनिया में 99.36 प्रतिशत क्षमता का उपयोग किया गया। इस दौरान संस्था ने यूरिया और अन्य उर्वरकों सहित कुल 45.37 लाख मीट्रिक टन उर्वरकों की बिक्री की।

कृभको की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी कृभको फर्टिलाइजर्स लिमिटेड (KFL) ने भी वर्ष के दौरान बेहतर प्रदर्शन किया। KFL ने 11.02 लाख मीट्रिक टन यूरिया और 6.68 लाख मीट्रिक टन अमोनिया का उत्पादन किया। कंपनी ने 14.40 करोड़ रुपये का लाभांश घोषित किया।

कृभको के प्रबंध निदेशक एस.एस. यादव ने संस्था और उसकी सहायक कंपनियों के उत्पादन, कार्यकुशलता और उपलब्धियों की जानकारी दी। वहीं, कृभको की सहायक कंपनी कृभको एग्री बिजनेस लिमिटेड (KABL) ने वर्ष 2025-26 में 1,919.35 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसमें घरेलू कारोबार 1,436.81 करोड़ रुपये और निर्यात से 482.54 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। कृभको ग्रीन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड (KGEPL) गुजरात के हजीरा और आंध्र प्रदेश के नेल्लोर में दो संयंत्र स्थापित कर रही है। इनके वित्तीय वर्ष 2026-27 में शुरू होने की उम्मीद है।

ग्रामीण विकास के क्षेत्र में कृभको का ग्रामीण विकास ट्रस्ट भी लगातार कार्य कर रहा है। ट्रस्ट ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार, पर्यावरण संरक्षण और लोगों के जीवन स्तर में सुधार के लिए विभिन्न कार्यक्रम चला रहा है।

वार्षिक आम सभा के दौरान सहकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए गुजरात के शंकरभाई चौधरी को ‘कृभको सहकारिता शिरोमणि पुरस्कार’ तथा मध्य प्रदेश के भगवान सिंह यादव को ‘कृभको सहकारिता विभूषण पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here