ऑटो खराब होने पर पैदल जा रही थीं, झांसी में भंडारा खाने गई थी
झांसी। बबीना थाना क्षेत्र में ट्रंका रोड पर रेलवे क्रॉसिंग के पास शनिवार रात को सेना के ट्रक ने पैदल जा रही 5वीं क्लास की छात्रा और एक महिला को कुचल दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वह दोनों गांव से 14 किमी दूर गांव की 20 महिलाओं के साथ भंडारा खा कर लोडिंग गाड़ी खराब होने पर पैदल गांव लौट रही थी। इस दौरान टैंक लोड करके आ रहे सेना के ट्रक बेकाबू हो गया और दोनों को कुचल दिया। आसपास चल रही महिलाएं बाल-बाल बच गई। हादसे में छात्रा का सिर पहिए के नीचे आ गया, जबकि महिला ट्रक के नीचे फंस गई। सबसे पहले छात्रा के शव को निकाल लिया गया, जबकि महिला का शव ट्रक के नीचे दो घंटे बुरी तरह फंसा रहा। कड़ी मशक्कत के बाद ट्रक को हटा कर शव को बाहर निकाला जा सका। हादसे के बाद सेना और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। सेना ने लगभग 500 मीटर के एरिया को सील कर दिया। किसी को अंदर नहीं जाने दिया। परिजन भी दूर खड़े रहे।
मृतकों की पहचान अंगूरी अहिरवार (45) पत्नी मनीराम अहिरवार और सेजल (13) पुत्री बद्रीप्रसाद अहिरवार के रूप में हुई है। दोनों झांसी बॉर्डर से सटे मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले के चकरपुर गांव में आस-पड़ोस में रहती थीं। अंगूरी के पति मनीराम की दो साल पहले मौत हो गई थी। उसकी 3 बेटियां और एक बेटा है। अंगूरी व सेजल के पिता ब्रदीप्रसाद अहिरवार मजदूरी करते हैं।
मृतका के पिता बद्रीप्रसाद अहिरवार ने बताया- मेरे गांव से लगभग 14 किलोमीटर दूर बबीना छावनी के रातौली गांव के पास कारसदेव ठाकुर बाबा मंदिर है। शनिवार को मंदिर पर भंडारे का आयोजन था। मेरी बेटी सेजल अपनी दादी कस्तूरी, बहन अंजली और अंशिका, पड़ोसी अंगूरी, उनकी बेटी कुमकुम और जेठानी की बहू राधा समेत गांव की 20 महिलाओं-बच्चों के साथ भंडारे में गई थी।
उक्त सभी किराए पर लोडिंग गाड़ी करके ले गए थे। भंडारा खाकर लौटने लगे तो गाड़ी खराब हो गई। तब सभी पैदल घर की तरफ आ रहे थे। रात करीब 8:30 बजे लगभग 3 किलोमीटर दूर टूंका रोड पर रेलवे कॉसिंग के पास पहुंचे तो टैंक से लदा सेना के ट्रक ने बेटी सेजल और पड़ोसी अंगूरी को कुचल दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। बाकी आसपास चल रहे लोग बाल-बाल बच गए। हादसे की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंच गए। लेकिन सेना ने लगभग 500 मीटर दूर ही एरिया को सील कर दिया। इसके बाद किसी को अंदर नहीं जाने दिया। परिजन कहते रहे कि उनके लोगों की मौत हो गई है। जब दोनों शव जाने लगे तब भी गाड़ी में नहीं बैठने दे रहे थे। तब हम लोगों ने विरोध किया तो शव वाहन में बैठाया गया।
एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।














