दुर्गा उत्सव महासमिति के पदाधिकारी पहुंचे कोतवाली
झांसी। कोतवाली थाना क्षेत्र के पुरानी नझाई में दबंगई की हद उस समय पार हो गई जब दबंग ने पहले साहू परिवार की वृद्धा को स्कूटी से टक्कर मारी और जब इसका विरोध किया तो दबंग और उसके साथियों ने वृद्धा के परिवार के सदस्यों की जमकर मारपीट की। जिससे दो युवकों को चोट आ गई। सूचना मिलते ही दुर्गा उत्सव महासमिति के पदाधिकारी पीड़ित परिवार के साथ थाना कोतवाली पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की।
शहर के घनी आबादी के क्षेत्र पुरानी नझाई निवासी शिल्पी साहू ने कोतवाली थाना में दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसकी सास घर के पास बने दुर्गा पंडाल के पास खड़ी थी, तभी मोहल्ले के ही दबंग ने अपनी स्कूटी को तेजी व लापरवाही से चला कर जान बुझ कर उन्हें टक्कर मार दी। जिससे उसकी सास घायल हो गई।
सास की चीख पुकार सुनकर वह और उसका पति अभिषेक साहू जो दुर्गा उत्सव महा समिति के सदस्य हैं, वह और उनका भाई मौके पर पहुंचे और टक्कर मारने वाले दबंग का विरोध किया तो दबंग ने अपने साथियों को बुलाकर परिवार के सभी सदस्यों की जमकर मारपीट की। जिससे अभिषेक साहू और उसके भाई तथा शिल्पी को चोट आ गई।
इस घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सूचना मिलते ही दुर्गा उत्सव महासमिति के पदाधिकारी थाना कोतवाली पहुंच गए। पुलिस ने तहरीर लेकर घायल पीड़ितों का मेडिकल परीक्षण कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।














