देश भर से पहुंचे RPF के जांबाज श्वानों व प्रशिक्षकों का झांसी स्टेशन पर स्वागत
झांसी। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की 19वीं अखिल भारतीय डॉग ड्यूटी मीट–2026 का आयोजन उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल में 23 से 27 अक्टूबर तक किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में 73 प्रशिक्षित श्वान हिस्सा लेंगे। इनमें 26 ट्रैकर डॉग, 24 विस्फोटक पदार्थों की पहचान करने वाले श्वान और 23 मादक पदार्थों का पता लगाने वाले श्वान शामिल हैं।
झांसी मंडल मुख्यालय पर आरपीएफ लाइन में प्रतियोगिता की सभी व्यवस्थाएं व तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए देश भर से आरपीएफ के श्वान दस्ते झांसी पहुंच गए हैं। वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन पर पहुंचे प्रशिक्षित श्वानों का रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों एवं जवानों ने फूल-मालाएं पहना कर स्वागत किया। इस दौरान श्वान दस्तों के साथ आए प्रशिक्षकों का भी स्वागत किया गया।
प्रतिभागी डॉग की क्षमता परखी जाएगी
प्रतियोगिता में प्रशिक्षित श्वानों की सूंघने की क्षमता, अपराधियों के सुराग तलाशने, विस्फोटकों की पहचान और मादक पदार्थों का पता लगाने की दक्षता परखी जाएगी। गौरतलब है कि रेलवे सुरक्षा बल के श्वान दस्ते रेलवे परिसरों की सुरक्षा, संदिग्ध वस्तुओं की पहचान और अपराधों की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
आयोजन का उद्देश्य
इस आयोजन का उद्देश्य श्वान दस्तों की कार्यक्षमता को बेहतर बनाना, प्रशिक्षण के उच्च मानकों को प्रोत्साहित करना और विभिन्न क्षेत्रीय रेलों के श्वान दस्तों के बीच अनुभवों का आदान-प्रदान करना है।














