आधुनिक डिजाइन के खादी वस्त्रों सहित विभिन्न ग्रामोद्योग उत्पाद विशेष छूट के साथ रहेंगे उपलब्ध
झांसी। परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी आर.के. गुप्ता ने बताया कि उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा 10 दिवसीय मण्डल स्तरीय खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी का आयोजन 27 अक्टूबर से 05 नवम्बर तक मुक्ताकाशी मंच/महाराजा गंगाधर राव कला मंच मैदान, झांसी में किया जा रहा है। प्रदर्शनी में आधुनिक डिजाइन के खादी वस्त्र विशेष छूट के साथ बिक्री हेतु उपलब्ध रहेंगे। इसके साथ ही दरी, कालीन, गद्दे, सलवार-सूट, जूते-चप्पल, अचार, मुरब्बा, आयुर्वेदिक औषधियां एवं जड़ी-बूटियां तथा विभिन्न प्रकार के ग्रामोद्योग उत्पाद भी बिक्री हेतु उपलब्ध रहेंगे।
उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में जनपद झांसी के साथ-साथ प्रतापगढ़, इटावा, कानपुर, हापुड़, हरदोई सहित मध्य प्रदेश, बिहार, राजस्थान एवं कश्मीर की खादी एवं ग्रामोद्योग इकाइयां भी अपने उत्पादों के साथ प्रतिभाग करेंगी। प्रदर्शनी के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों के उत्कृष्ट खादी एवं ग्रामोद्योग उत्पादों की खरीद का अवसर आमजन को मिलेगा।
परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी ने बताया कि मण्डल स्तरीय खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी का शुभारम्भ 27 अक्टूबर को किया जाएगा। उन्होंने झांसी मण्डल के समस्त सम्मानित नगरवासियों से प्रदर्शनी के उद्घाटन समारोह में गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराते हुए प्रदर्शनी का लाभ उठाने की अपील की है।













