स्नातकों के अधिकार, पुरानी पेंशन और रोजगार के मुद्दों पर मांगा समर्थन
झांसी। इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव में आज प्रचार का अंतिम दिन है। कल होने वाले मतदान से पहले चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भाजपा और समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों के बीच निर्दलीय प्रत्याशी शिवशंकर पटेल ने भी अपनी दावेदारी को लेकर मतदाताओं तक पहुंचने का प्रयास किया है। अब चुनाव प्रचार समाप्त होने के साथ ही सभी प्रत्याशियों की निगाहें मतदान पर टिक गई हैं, जहां स्नातक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे।
निर्दलीय प्रत्याशी शिवशंकर पटेल ने इस चुनाव में स्नातकों के अधिकारों, शिक्षित बेरोजगारों की समस्याओं, पुरानी पेंशन बहाली और संविदा एवं आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के हितों को प्रमुखता से उठाया है। पूर्व प्रधानाचार्य और राजकीय शिक्षक संघ, उत्तर प्रदेश के पूर्व प्रांतीय उपाध्यक्ष रह चुके पटेल शिक्षा जगत से जुड़े अपने अनुभव के आधार पर मतदाताओं के बीच अपनी बात रख रहे हैं। बुंदेलखंड कुर्मी कल्याण समिति के संस्थापक एवं केंद्रीय अध्यक्ष के रूप में भी उनकी सामाजिक पहचान रही है।
चुनाव में प्रमुख राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों के सामने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपनी जगह बनाना शिवशंकर पटेल के लिए अहम चुनौती है। इसके बावजूद उन्होंने स्नातक मतदाताओं के बीच पहुंचकर उनके मुद्दों को चुनावी चर्चा का हिस्सा बनाने पर जोर दिया है। उनका प्रयास है कि यह चुनाव केवल राजनीतिक दलों के प्रभाव तक सीमित न रहे, बल्कि शिक्षित वर्ग की वास्तविक समस्याओं और उनके समाधान पर भी केंद्रित हो।
पटेल की ओर से उठाए जा रहे मुद्दों में पुरानी पेंशन की बहाली, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के हितों की रक्षा तथा संविदा और आउटसोर्सिंग व्यवस्था से जुड़े कर्मचारियों की समस्याएं शामिल हैं। इन मुद्दों को लेकर स्नातक मतदाताओं के बीच अपनी बात पहुंचाना उनके चुनावी अभियान का प्रमुख हिस्सा रहा है।
इस अवसर पर राजेंद्र वर्मा पूर्व प्रधानाचार्य जीआईसी , हर्षित, सागर सुटटा, श्याम पटेल, घनश्याम सिंघार, अंकित, देवेंद्र,डॉ विक्रम सिंह, रोहित सोनी, राकेश कुशवाहा बड़ागांव, भगवान दास, मनीष, अनूप अतरसुवां, प्रवीण, जी डी कटियार, तरुण रायकवार,इंजी शाहरुख खान कांग्रेस नेता, एड नीरज सनोरिया सहित आदि उपस्थित रहें।














