नगरा–प्रेमनगर क्षेत्र को जाम से मुक्ति हेतु रेलवे ओवरब्रिज निर्माण की मांग

0
67

23 से अधिक रेलवे लाइनों पर शंटिंग से प्रभावित होता है आवागमन

झाँसी। नगरा, पुलिया नंबर 9 एवं प्रेमनगर क्षेत्र में रेलवे लाइनों पर लगातार शंटिंग के कारण उत्पन्न होने वाली जाम की समस्या से नागरिकों को राहत दिलाने के लिए जिला जनकल्याण महासमिति, झाँसी ने रेलवे ओवरब्रिज निर्माण की मांग उठाई है।

गुरुवार को डॉ. जितेंद्र कुमार तिवारी के नेतृत्व में महासमिति के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य कारखाना प्रबंधक अजय श्रीवास्तव से भेंट कर इस संबंध में ज्ञापन सौंपा। श्री श्रीवास्तव ने प्रतिनिधिमंडल की बात गंभीरता से सुनते हुए उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

ज्ञापन में रेखांकित किया गया कि नगरा, पुलिया नंबर 9 एवं प्रेमनगर क्षेत्र में बड़ी संख्या में वर्तमान एवं सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारी तथा उनके परिवार निवास करते हैं। प्रतिदिन हजारों नागरिकों और रेल कर्मचारियों को रेलवे स्टेशन, डीआरएम कार्यालय, डीजल शेड, एसी शेड, रेलवे अस्पताल एवं रेलवे वर्कशॉप सहित विभिन्न स्थानों पर आवागमन करना पड़ता है। रेलवे वर्कशॉप स्टोर से डीआरएम कार्यालय की ओर जाने वाले मार्ग पर 23 से अधिक रेलवे लाइनें होने तथा लगातार शंटिंग और व्यस्त मानिकपुर रेल लाइन के कारण रास्ता बार-बार बाधित होता है, जिससे लोगों को लंबे समय तक जाम में फँसे रहना पड़ता है।

महासमिति के केंद्रीय अध्यक्ष डा जितेन्द्र कुमार तिवारी ने बताया कि सुबह के समय स्थिति और गंभीर हो जाती है। स्कूली बच्चों के वाहन जाम में फँस जाते हैं, यात्रियों की ट्रेन छूटने की आशंका रहती है और रेलवे कर्मचारियों को भी ड्यूटी पर समय से पहुँचने में परेशानी होती है। मरीजों, बुजुर्गों एवं अन्य जरूरतमंद नागरिकों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

ज्ञापन में नगरा हाट के मैदान या रेलवे वर्कशॉप स्टोर से डीआरएम कार्यालय तक रेलवे ओवरब्रिज (ROB) निर्माण की मांग करते हुए कहा गया कि इससे नगरा, पुलिया नंबर 9, प्रेमनगर एवं आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को निर्बाध आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही जाम से राहत, समय एवं ईंधन की बचत, प्रदूषण में कमी तथा रेलवे कर्मचारियों, विद्यार्थियों, यात्रियों और मरीजों के लिए सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

डॉ. तिवारी ने कहा कि यह समस्या केवल यातायात तक सीमित नहीं है, बल्कि हजारों रेलवे कर्मचारियों और आम नागरिकों के दैनिक जीवन से जुड़ा महत्वपूर्ण जनहित का विषय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि रेलवे प्रशासन इस मांग पर सकारात्मक पहल करते हुए समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में आवश्यक कदम उठाएगा।
प्रतिनिधिमंडल में प्रमुख रूप से एम पी द्विवेदी, श्याम नारायण तिवारी,डा डी.डी. मिश्रा, राजेश साहू, सतेंद्र कुमार तिवारी आदि उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here