कलेक्ट्रेट में अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा
झांसी। वकीलों के साथ थानों व जेल में अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए अधिवक्ता संघ ने कलेक्ट्रेट में जमकर प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन सौंप कर 3 थाना प्रभारी सहित जेल अधीक्षक पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
शुक्रवार को अधिवक्ता संघ के तत्वावधान में अध्यक्ष प्रमोद शिवहरे और सचिव छोटेलाल वर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में वकील कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां वकीलों ने प्रदर्शन करते हुए थाना सीपरी बाजार, शहर कोतवाली और नवाबाद में वकीलों के साथ अभद्रता करने का आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने जेल अधीक्षक पर गंभीर आरोप लगाए हुए कहा कि जेल में मुल्जिम से कानूनी परामर्श करने के दौरान वकीलों से अभद्रता की जाती है और उनके सम्मान को ठेस पहुंचाई जाती है। उन्होंने जेल में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि जेल में बंदियों से मशक्कत के नाम पर अवैध उगाही की जाती है। वकीलों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देते हुए चेतावनी दी है अगर उनकी ले जल्द से जल्द नहीं मानी गई तो वह लोग बड़ा आंदोलन सोमवार से करेंगे। इस दौरान भारी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।














