झांसी। ‘काली सरकार’ के नाम से चर्चित प्रदीप शुक्ला उर्फ नटरोज पर 12 साल के बच्चे का अपहरण और कुकर्म का केस दर्ज हुआ है। आरोप है कि वह बच्चे को परिजनों को बिना बताए हरिद्वार, दिल्ली और लखनऊ ले गया और उसका यौन शोषण किया। 22 अक्टूबर को झांसी लौटने पर उसने बच्चे को घर जाने से पहले डराया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। घर पहुंचकर बच्चे ने पूरी आपबीती सुनाई तो सभी हतप्रभ रह गए।
इस मामले में पीड़ित बच्चे के दादा ने थाने में शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद एसएसपी से गुहार लगाने पर 29 अक्टूबर की देर रात रिपोर्ट दर्ज की गई।
पीड़ित के दादा ने पुलिस को बताया- उसका 12 वर्षीय पोता गांव के काली सरकार मंदिर में हर रोज दर्शन करने के लिए जाता था। मंदिर का पुजारी प्रदीप शुक्ला उर्फ नटरोज दरबार लगाता है। पोते के नियमित मंदिर जाने से बाबा ने संपर्क बढ़ा लिया। पैसे, खाने-पीने और नए कपड़े देने के बहाने वह बच्चे को अपने पास रख लिया। कुछ दिन पहले पोता घर नहीं आया। फोन करने पर प्रदीप उर्फ नटरोज ने कहा कि काफी रात हो गई, वह उसे सुबह भेज देगा। सुबह भी उसने नहीं भेजा। पोते को लेकर वह हरिद्वार चला गया।
दादा ने बताया कि बच्चे को दिल्ली, लखनऊ ले जाकर यौन शोषण किया। प्रदीप लगातार फोन पर अपनी लोकेशन बताता रहा। करीब 4 दिनों तक पोते के न आने पर जब पुलिस में शिकायत कर देने की बात कही तब आरोपी 22 अक्टूबर को पोते को लेकर झांसी आया। उसने किसी को कुछ बताने पर पोते को जान से मार देने की धमकी देकर डराया-घमकाया। घर आने पर पोते रोने लगा। पूछने पर उसने आरोपी की सारी करतूत बताई।
गौरतलब है कि आरोपी को इससे पहले 10 अक्टूबर को 30 साल पुराने लूट के मामले में पुलिस ने हिरासत में लिया था। हालांकि, अगले दिन कोर्ट से राहत मिलने पर वह झांसी लौट आया। आरोप है कि वह करीब 22 साल से पहचान छिपाकर रह रहा था। आर्मी जैसी ड्रेस पहनकर दिव्य दरबार लगाता था और बीमारियां ठीक करने का दावा करता था।














