झांसी। जिले के मोंठ थाना क्षेत्र में मोंठ-भांडेर मार्ग पर एक नॉनवेज होटल में कर्मचारी दयाराम का शव फंदे पर लटका मिलने से सनसनी फ़ैल गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मोंठ-भांडेर मार्ग पर रेव गांव निवासी नीरज का नॉनवेज का होटल है। इसमें बम्हरौली गांव निवासी दयाराम (48) काम करता था। रविवार रात होटल बंद करने के बाद नीरज घर चला गया और दयाराम होटल के अंदर सो गया था।
नीरज ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 10 बजे होटल पहुंचकर दरवाजा खोला तो दयाराम का शव रोशनदान से गमछे के सहारे लटका मिला। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने निरीक्षण किया और दयाराम के परिजनों को जानकारी दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। दयाराम किन परिस्थितियों का शिकार हुआ स्पष्ट नहीं है। पुलिस जांच कर रही है।














