झांसी। उमरे के झांसी स्टेशन के पास यात्री शेड में नव निर्मित भवन में आज से यात्री टिकिट आरक्षण प्रणाली सेवा शुरू हो गयी है। आज प्रात: आयोजित समारोह में झांसी-ललितपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग शर्मा द्वारा यात्री शेड में यात्री आरक्षण प्रणाली (पीआरएस) के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन किया गया। सांसद ने यात्रियों की सुविधा को देखते हुए बनाये गए यात्री आरक्षण प्रणाली के नए भवन के लिए रेल प्रशासन को धन्यवाद दिया। इसके साथ ही विभिन्न विकास योजनाओं पर अपर मंडल रेल प्रबंधक अमित सेंगर के साथ चर्चा की। प्रारम्भ में अपर मंडल रेल प्रबंधक ने सांसद का स्वागत करते हुए झांसी मंडल में किये गए विकास कार्यो के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ मंडल वाणि’य प्रबंधक डॉ जितेन्द्र कुमार द्वारा किया गया।
गौरतलब है कि लगभग 50 लाख रूपये की लागत से नवनिर्मित भवन में 6 पीआरएस काउंटर हैं। इसके पूर्व आरक्षण केन्द्र स्टेशन पर रेलवे मजिस्ट्रेट न्यायालय के सामने था। आरक्षण प्रणाली के स्टेशन के बाहर यात्री शेड में स्थानान्तरण से यात्रियों को आरक्षण टिकट प्राप्त करने में सुविधा होगी। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल इंजिनियर (समन्वय) राजेश कुमार श्रीवास्तव, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजिनियर अमित गोयल, मंडल अभियंता (मुख्यालय) महावीर प्रसाद कुशवाहा, मंडल वाणिज्य प्रबंधक अखिल शुक्ल, डीईएनएचएम गिरीश कंचन, स्टेशन प्रबन्धक राजाराम राजपूत आदि अधिकारियों के साथ अन्य कर्मचारीगण उपस्थित रहे।