झांसी। आल इंडिया स्टेशन मास्टर्स एसोसिएशन के तत्वाधान में झांसी आरआरआई पर मंडल में कार्यरत महिला स्टेशन मास्टर्स साथियों का अभिनंदन व सम्मान समारोह स्टेशन प्रबंधक एसके अवस्थी की अध्यक्षता एवं एएन तिवारी केन्द्रीय उपाध्यक्ष एस्मा के मुख्य अथियत्व में आयोजित किया गया। समारोह को सम्बोधित करते हुए मंडल सचिव एस्मा अजय दुबे ने कहा कि झांसी मंडल में विगत 10 वर्ष पूर्व स्टेशन मास्टर्स संवर्ग में केवल पुरुषों का अधिपत्य था, किन्तु आज झांसी मंडल में 8 महिला स्टेशन मास्टर्स ने इस मिथक को तोड़ कर यह साबित किया कि स्टेशन मास्टर्स जैसे सम्मानीय संवर्ग की वे भी हकदार हैं। आज महिलाएं कुशलता पूर्वक न केवल अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहीं बल्कि इसके परे मानवीय संवेदनाओं के साथ भी कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं जिसमे ग्वालियर में कार्यरत ज्योति श्रीवास्तव द्वारा विगत कुछ माह पूर्व आपात काल में एक महिला रेल यात्री की कुशलता पूर्वक प्रसूति कराके न केवल मां-बच्चे की जान बचाई अपितु ट्रेन का अनावश्यक विलंबन भी बचाया, हमें आप सभी पर गर्व है आप स्टेशन मास्टर्स संवर्ग का गौरव है।
अध्यक्षता करते हुए एएन तिवारी द्वारा यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते, रमन्ते तत्र देवता के साथ नारी की दैवीय शक्ति का व्याख्यान कर, उन्हें सशक्त एवं समर्थ बनाने का संकल्प व्यक्त किया। इस मौके पर पूजा शर्मा, राजकुमारी, प्रियंका श्रीवास्तव, संध्या चौरसिया का अभिनंदन कर एस्मा की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह में महिला कर्मियों के द्वारा एक साथ केक काट कर महिला दिवस एवं 5400 ग्रेड पे मिलने की खुशी मनाई गई। कार्यक्रम में मंडल कोषाध्यक्ष लक्ष्मण रिछारिया, झांसी शाखा सचिव सीएल यादव, शाखा अध्यक्ष श्याम श्रीवास्तव, रविन्द्र नाथ एरिया कंट्रोलर, मनोज मिश्रा, आरडी रमन, राजू वर्मा, राम सिंह यादव, मनोज विलोनियाँ, डीके सिंह, एमके गुप्ता कई स्टेशन मास्टर्स साथी उपस्थित रहे।